सहकारिता की मजबूती से बदलेगा गांवों का भविष्य, किसानों की समृद्धि बनेगी विकास की नई पहचान : मनोज झा



सहकारी सप्ताह पर बरपाली में ध्वजारोहण, किसानों से सहकारिता आंदोलन से जुड़कर योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* बरपाली। सहकारिता की भावना को और अधिक मजबूत करने तथा किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को सहकारी सप्ताह के अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बरपाली परिसर में गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में किसानों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। राष्ट्रध्वज फहराने के बाद सभी ने ध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि करतला जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष मनोज झा ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और किसानों की आर्थिक उन्नति का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं किसानों को समय पर ऋण, खाद, बीज और कृषि संबंधी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर खेती को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यदि किसान अधिक से अधिक संख्या में सहकारी समितियों से जुड़ेंगे तो उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और गांवों का समग्र विकास भी तेज गति से होगा।
उन्होंने किसानों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सहकारिता आपसी विश्वास, सहयोग और सामूहिक विकास की भावना का प्रतीक है। इसी भावना को मजबूत कर आत्मनिर्भर गांव और समृद्ध किसान का सपना साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बरपाली के शाखा प्रबंधक सतीश राठौर ने बैंक द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं, ऋण सुविधाओं और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से समय पर ऋण अदायगी करने की अपील करते हुए कहा कि बैंक किसानों की जरूरतों के अनुरूप बेहतर और सरल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग और अन्य आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए भी किसानों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और किसानों ने सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने तथा कृषि और ग्रामीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन में बरपाली सरपंच भुनेश्वर बिंझवार, जनपद सदस्य नीता यादव, पीयूष गुरुद्वान, त्वरिता तिवारी, कृष्णा बिंझवार, बिहारी लाल साहू सहित बैंक के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने किसानों के हितों की रक्षा, सहकारिता को मजबूत करने और ग्रामीण विकास की दिशा में सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया। सहकारी सप्ताह के इस आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्र में सहकारिता की महत्ता और किसानों की आर्थिक मजबूती के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।


