मेहनत को मिला सम्मान: माखुरपानी में मेधावी बेटियों का हुआ अभिनंदन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने बढ़ाया उत्साह



शैक्षणिक उत्कृष्टता का सम्मान कर विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र, कहा– प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना समाज का सबसे बड़ा निवेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान समाज में सकारात्मक प्रेरणा का संदेश देता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए ग्राम पंचायत माखुरपानी में आयोजित सम्मान समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने बोर्ड एवं प्राथमिक स्तर पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं का साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। समारोह में ग्रामीणों ने मेधावी छात्राओं का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अभिनंदन कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अजगरबहार की कक्षा 12वीं की छात्रा लक्ष्मनिया यादव, जिन्होंने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया, उनका विशेष सम्मान किया गया। वहीं प्राथमिक शाला गढ़कटरा की कक्षा 5वीं की छात्रा मुस्कान मंझवार, जिन्होंने 90 प्रतिशत अंक अर्जित किए, उन्हें भी साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि को ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं संसाधनों की कमी के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर रही हैं। ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान केवल उनका उत्साहवर्धन नहीं, बल्कि पूरे समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का अभियान है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के सक्षम नागरिक और राष्ट्र निर्माता हैं।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी मेधावी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए अन्य विद्यार्थियों से उनसे प्रेरणा लेने का आग्रह किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन और आत्मनिर्भर भविष्य का सबसे मजबूत आधार है तथा प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।
इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी सदस्य योगेश कुमार त्रिपाठी, जनपद पंचायत कोरबा के जनपद उपाध्यक्ष पति विश्वनाथ कंवर, ग्राम पंचायत माखुरपानी की सरपंच पुराना बाई मंझवार, पूर्व सरपंच बहोरन लाल मंझवार, ग्राम पंचायत सतरेंगा के सरपंच प्रतिनिधि थान सिंह कंवर, लखन मंझवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
पूरा समारोह शिक्षा, सम्मान और प्रेरणा के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा मेधावी विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन भविष्य में भी नियमित रूप से किए जाएंगे।


