June 28, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, केवट समाज ने मेधावी विद्यार्थियों को किया गौरवान्वित

 

 

कटघोरा में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता का दिया गया संदेश, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कटघोरा। केवट समाज कटघोरा द्वारा शनिवार को गायत्री धर्मशाला में प्रतिभा सम्मान एवं विद्यार्थी प्रोत्साहन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का स्मृति चिन्ह, प्रमाण-पत्र तथा अध्ययन सामग्री प्रदान कर सम्मान किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, मातृशक्ति, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद कटघोरा इकाई के पदाधिकारियों ने जिले एवं संभाग से पहुंचे अतिथियों का तिलक लगाकर एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और उपस्थित अतिथियों ने उनकी प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व जिला अध्यक्ष एवं जिला संरक्षक अजीत केवट ने समाज में एकता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकजुटता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे निरंतर मेहनत करें, उच्च शिक्षा प्राप्त करें और अपने परिवार, समाज तथा देश का नाम रोशन करें।
बिलासपुर संभाग के महासचिव रामकुमार ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज की उज्ज्वल परंपरा है। उन्होंने बताया कि समाज के ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने नर्सरी से कक्षा 12वीं तक 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रमाण-पत्र, कॉपी, पेन एवं पेंसिल देकर सम्मानित किया गया, ताकि उनका उत्साह बढ़े और अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रेरणा मिले।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला एवं संभाग के पदाधिकारियों ने केवट समाज कटघोरा इकाई द्वारा किए गए इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रतिमा केवट ने प्रेरणादायी गीत की शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में अजीत केवट (पूर्व जिला अध्यक्ष एवं संरक्षक), किशन केवट (महासचिव, जिला समिति कोरबा), अमरनाथ कैवर्त (पूर्व जिला अध्यक्ष एवं संरक्षक, बिलासपुर संभाग), रामकुमार (महासचिव, बिलासपुर संभाग), सोना राम (इकाई अध्यक्ष, बांकीमोंगरा), अघनुराम कैवर्त (संगठन सचिव, जिला समिति), प्रदीप विनायक (पूर्व प्रभारी प्राचार्य), बैजनाथ, नरेंद्र निषाद (अधिवक्ता), गोविंद निषाद (अध्यक्ष), रामकुमार (उपाध्यक्ष), रविशंकर (सचिव), तुलसाय निषाद (कोषाध्यक्ष), सतीश केवट (संगठन सचिव) तथा अरविंद कैवर्त (युवा उपाध्यक्ष) सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना तथा समाज में शिक्षा, संस्कार और संगठन की भावना को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ। समाजजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.