August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

‘मन की बात’ बनी जन-जन की आवाज़, भाजपा ने प्रदेशभर के बूथों पर सुना प्रधानमंत्री का संदेश

1 min read

 

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले – जनता और नेतृत्व के बीच सबसे सशक्त संवाद का माध्यम है ‘मन की बात’, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कार्यकर्ताओं के साथ सुना 135वां एपिसोड
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड का रविवार को छत्तीसगढ़ में व्यापक उत्साह के साथ श्रवण किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव तक, सरकार और संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के साथ कार्यक्रम को सुनकर प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। प्रदेशभर के बूथों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए।

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, कैबिनेट मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक गोमती साय, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, श्रम आयोग के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, रायपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष श्याम नारंग सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की जनता और नेतृत्व के बीच सीधा, आत्मीय और प्रेरणादायी संवाद का सबसे प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि पूरे देश की तरह छत्तीसगढ़ के लोग भी प्रत्येक माह इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे नवाचारों, सामाजिक प्रयासों और सकारात्मक बदलावों को इस मंच के माध्यम से सामने लाते हैं, जिससे समाज में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के दूरस्थ गांवों और अंचलों में कार्य कर रहे साधारण लेकिन असाधारण लोगों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया है। ‘मन की बात’ ने उन लोगों की कहानियों को देश के सामने रखा है, जो समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इससे सेवा, नवाचार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी जैसे विषयों को नई दिशा मिली है।
इधर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने रायपुर पश्चिम विधानसभा के तात्यापारा मंडल अंतर्गत बूथ क्रमांक 245 (गुरु घासीदास कॉम्प्लेक्स) में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का श्रवण किया। भाजपा द्वारा प्रदेशभर के प्रत्येक बूथ पर आयोजित इस विशेष अभियान के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष स्वयं बूथ स्तर पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के बीच उपस्थित रहे और कार्यक्रम के महत्व पर चर्चा की।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी, विधायक राजेश मूणत तथा रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना गया।
तात्यापारा मंडल में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीराम गर्ग, भाजपा रायपुर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘मन की बात’ ने देश में सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को नई मजबूती दी है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के प्रेरक व्यक्तित्वों और नवाचारों को सम्मान मिलने से लाखों लोगों को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिल रही है। यही कारण है कि आज ‘मन की बात’ केवल एक मासिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है, जिसने जनता और नेतृत्व के बीच विश्वास एवं संवाद की नई परंपरा स्थापित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.