June 27, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बालको ने बदली विकास की तस्वीर, आधुनिक जुबली पार्क बना कोरबा की नई पहचान—मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा, विकास की मिसाल बनेगा यह मॉडल

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* बालकोनगर,27जून 2026 भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने सामाजिक विकास और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए सिविक सेंटर स्थित नवीनीकृत जुबली पार्क को जनता को समर्पित कर दिया। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने पार्क का लोकार्पण करते हुए कहा कि बालको केवल औद्योगिक विकास का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार बन चुका है। आने वाले समय में बालको की यह विकास यात्रा पूरे क्षेत्र के लिए आदर्श मॉडल साबित होगी।
लोकार्पण समारोह में कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह, वार्ड 43 के पार्षद हितानंद अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, बालको प्रबंधन के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
लोकार्पण के बाद अतिथियों ने पार्क का भ्रमण कर आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया। अत्याधुनिक खेल उपकरणों से सुसज्जित बच्चों का खेल क्षेत्र, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष विश्राम स्थल, हरित वातावरण, आकर्षक वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम, योग एवं ध्यान के लिए विकसित विशेष प्लेटफॉर्म और सौंदर्यीकरण कार्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बालको की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

 

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नवीनीकृत जुबली पार्क हर आयु वर्ग के लोगों के लिए स्वास्थ्य, फिटनेस, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का उत्कृष्ट केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि बालको ने सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, महिला सशक्तिकरण और अन्य विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। औद्योगिक विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि बालको भविष्य में भी जनकल्याण और क्षेत्रीय विकास की इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी औद्योगिक उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी पूरी गंभीरता से निर्वहन कर रही है। नवीनीकृत जुबली पार्क इसी सोच का परिणाम है, जो नागरिकों को स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता के लिए विश्वस्तरीय सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पूरी बालको टीम और स्थानीय समुदाय का आभार व्यक्त किया।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि बालको ने वर्षों से सड़क, नाला, सामुदायिक भवन और अन्य जनहितकारी परियोजनाओं के माध्यम से कोरबा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जुबली पार्क का आधुनिक स्वरूप नागरिकों के लिए एक अनमोल सौगात है, जिसके लिए बालको प्रबंधन और सीईओ राजेश कुमार सिंह बधाई के पात्र हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 1990 में बालको की रजत जयंती के अवसर पर स्थापित जुबली पार्क का व्यापक पुनर्विकास कर इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। अब यह पार्क बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित प्रत्येक आयु वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। स्वास्थ्य, योग, फिटनेस, मनोरंजन और सामाजिक मेलजोल के लिए तैयार यह पार्क आने वाले वर्षों में बालकोनगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।
बालको की यह पहल केवल एक पार्क का लोकार्पण नहीं, बल्कि उद्योग और समाज के बीच मजबूत साझेदारी का ऐसा उदाहरण है, जो क्षेत्र के समग्र विकास और बेहतर जीवन गुणवत्ता की दिशा में एक नई मिसाल कायम करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.