August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

भाजपा का डिजिटल मिशन तेज, बूथ तक पहुंचेगा हाईटेक प्रशिक्षण—मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले, तकनीक से सशक्त होंगे कार्यकर्ता

1 min read

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को डिजिटल रूप से और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ के अंतर्गत ‘डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म’ को लेकर शनिवार को प्रदेशव्यापी वर्चुअल बैठक आयोजित की। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव तथा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने पार्टी के सांसदों, विधायकों, निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों तथा विधानसभा प्रभारियों को डिजिटल प्रशिक्षण अभियान को बूथ स्तर तक सफल बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बदलते दौर में संगठन की मजबूती के लिए तकनीक का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से न केवल कार्यकर्ताओं का तकनीकी ज्ञान बढ़ेगा, बल्कि पार्टी की विचारधारा, संगठन के इतिहास और कार्यप्रणाली की जानकारी भी नए एवं युवा कार्यकर्ताओं तक आसानी से पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे इस अभियान को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाकर इसे सफल बनाएं।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा लगातार संगठन को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म कार्यकर्ताओं के ज्ञान, दक्षता और संगठनात्मक क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से 28 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण में अनिवार्य रूप से शामिल होने तथा कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्रशिक्षण शीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि यह केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने का महाअभियान है। उन्होंने सांसदों, विधायकों और विधानसभा प्रभारियों से बूथ स्तर तक अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की अपील की।
बैठक की शुरुआत भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के प्रदेश प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए की। उन्होंने बताया कि यह मंच कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा भविष्य में भाजपा के प्रशिक्षण तंत्र का मजबूत आधार बनेगा।
बैठक के तकनीकी सत्र में भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई ने ‘सरल ऐप’ के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रोजेक्टर और स्क्रीन के माध्यम से बताया कि कार्यकर्ता किस प्रकार ऐप पर पंजीयन कर अपना डिजिटल प्रशिक्षण सरलता से पूर्ण कर सकते हैं।
बैठक का संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने किया, जबकि अंत में कमल गर्ग ने आभार व्यक्त किया। भाजपा ने स्पष्ट किया कि डिजिटल प्रशिक्षण अभियान के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक तकनीकी रूप से सक्षम बनाना और प्रत्येक कार्यकर्ता को आधुनिक ज्ञान से लैस करना इस महाभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.