June 26, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

डिजिटल भाजपा’ की नई रणनीति: अब मोबाइल पर तैयार होंगे हाईटेक कार्यकर्ता, पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान को मिली नई गति

 

प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही बोले— तकनीक से लैस कार्यकर्ता ही विकसित भारत और मजबूत संगठन की सबसे बड़ी ताकत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  रायपुर। बदलते राजनीतिक परिदृश्य और तेजी से विकसित हो रही डिजिटल दुनिया के बीच भारतीय जनता पार्टी अपने संगठन को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत शुरू किए गए डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से पार्टी बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक, डिजिटल संचार और संगठनात्मक दक्षता से जोड़ रही है। भाजपा का मानना है कि आने वाले समय में तकनीकी रूप से प्रशिक्षित और जागरूक कार्यकर्ता ही नए भारत के निर्माण तथा प्रभावी जनसंपर्क की सबसे मजबूत कड़ी साबित होंगे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म कार्यक्रम के प्रदेश प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि आज सूचना और संचार का दौर है, जहां तकनीक केवल सुविधा नहीं बल्कि संगठन की शक्ति बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के विजन को आगे बढ़ाते हुए भाजपा संगठन भी स्वयं को पूरी तरह हाईटेक बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उसे संगठन और समाज के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने के लिए तैयार करना है। अब गांव और बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से कहीं भी और कभी भी प्रशिक्षण प्राप्त कर सकता है।
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कार्यकर्ताओं को पार्टी के गौरवशाली इतिहास, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन, राष्ट्रहित की नीतियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठनात्मक कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ऑडियो, वीडियो और अन्य डिजिटल माध्यमों से उपलब्ध कराई जा रही है। इससे कार्यकर्ताओं की वैचारिक समझ के साथ-साथ तकनीकी दक्षता भी लगातार बढ़ रही है।
श्री पाणिग्रही ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क का सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। इसे देखते हुए कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के जिम्मेदार, सकारात्मक और प्रभावी उपयोग का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे तथ्यों के आधार पर जनसामान्य तक सही जानकारी पहुंचा सकें और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचनाओं या अफवाहों का प्रभावी जवाब दे सकें।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक जीवंत और गतिशील राजनीतिक संगठन है, जो समय की आवश्यकता के अनुसार स्वयं को लगातार आधुनिक बना रहा है। डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से प्रशिक्षित कार्यकर्ता भविष्य में संगठन की गतिविधियों को और अधिक गति देंगे तथा सरकार और जनता के बीच एक मजबूत, विश्वसनीय और तकनीकी रूप से सक्षम सेतु की भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इस डिजिटल प्रशिक्षण अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि तकनीक का प्रभावी उपयोग ही संगठन को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.