August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

तनाव से मुक्ति का मंत्र: बालको में राजयोग मेडिटेशन से मानसिक स्वास्थ्य का दिया गया संदेश

1 min read

 

 

200 प्रतिभागियों ने लिया मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और तनावमुक्त जीवन का संकल्प, ब्रह्माकुमारी विशेषज्ञों ने बताए खुशहाल जीवन के सूत्र
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* बालकोनगर, 26 जून 2026। आधुनिक जीवनशैली और बढ़ते कार्यस्थलीय तनाव के बीच कर्मचारियों एवं युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाने की दिशा में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए “मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सिक्योरिटी सर्विसिंग विंग के सहयोग से बालको टाउनशिप स्थित मितान भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानसिक रूप से स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना ही नहीं था, बल्कि प्रतिभागियों को तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास, धैर्य और सकारात्मक सोच बनाए रखने के व्यावहारिक उपायों से परिचित कराना था। कार्यक्रम में विशेष रूप से राजयोग मेडिटेशन को तनावमुक्त जीवन और बेहतर कार्यक्षमता का प्रभावी माध्यम बताया गया।

 

 

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मुख्यालय माउंट आबू से पधारे बीके कमल भाई, बीके दत्ता भाई, बीके दीपक भाई, बीके शैलेन्द्र भाई, बीके हितेश भाई एवं बीके संजीव भाई ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक और व्यस्त जीवन में मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी गंभीर समस्याओं को जन्म दे सकती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मन ही बेहतर निर्णय लेने, आत्मविश्वास बनाए रखने और कार्यस्थल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सबसे बड़ी शक्ति है। राजयोग मेडिटेशन व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाकर तनाव, नकारात्मकता और मानसिक दबाव से बाहर निकलने की ऊर्जा प्रदान करता है।
विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित ध्यान, आत्मचिंतन और सकारात्मक सोच के माध्यम से व्यक्ति न केवल मानसिक रूप से सशक्त बनता है, बल्कि उसके व्यवहार, कार्यशैली और पारिवारिक जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन आता है। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने और आत्मबल बढ़ाने के लिए नियमित मेडिटेशन करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में बालको सुरक्षा विभाग के कमांडेंट भारतेंदु पांडे सहित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं वेदांता स्किल स्कूल के प्रशिक्षु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बीके बिंदु दीदी, बीके रुक्मिणी दीदी, बीके विद्या दीदी, बीके ज्योति दीदी एवं बीके जितेश्वरी दीदी ने भी सकारात्मक सोच, आत्म-जागरूकता, भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक जीवनशैली पर प्रेरणादायी विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए मानसिक मजबूती सबसे बड़ा आधार है।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी प्रतिभागियों को राजयोग मेडिटेशन का सामूहिक अभ्यास कराया गया। ध्यान के माध्यम से उन्हें मन को शांत रखने, तनाव को नियंत्रित करने तथा सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन जीने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित राजयोग मेडिटेशन, नशामुक्त जीवनशैली और सकारात्मक सोच को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
यह आयोजन बालको की उस सतत प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है, जिसके तहत कंपनी केवल औद्योगिक विकास तक सीमित न रहकर कर्मचारियों और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, समग्र कल्याण, सुरक्षित कार्य वातावरण और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सार्थक पहल कर रही है। यह कार्यक्रम प्रतिभागियों के लिए प्रेरणा, आत्मविश्वास और मानसिक सशक्तिकरण का एक यादगार मंच साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.