डिजिटल युग में भाजपा की नई तैयारी: बूथ से लेकर प्रदेश तक आईटी नेटवर्क होगा और मजबूत



प्रदेश कार्यसमिति बैठक में बनी रणनीति, डिजिटल संगठन विस्तार और प्रभावी रिपोर्टिंग पर विशेष जोर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। बदलते डिजिटल दौर में संगठन को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी आईटी सेल की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संपन्न हुई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, डिजिटल विस्तार, बूथ स्तर तक आईटी नेटवर्क को मजबूत करने तथा सोशल मीडिया और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग को लेकर व्यापक मंथन किया गया।
बैठक में संगठन के डिजिटल ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से बूथ स्तर तक संगठनात्मक संरचना को तकनीक से जोड़ने, डिजिटल संवाद को प्रभावी बनाने तथा पार्टी की गतिविधियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की रिपोर्टिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

बैठक में पदाधिकारियों को सरल एप में आवश्यक जानकारियों को अद्यतन करने, बूथ समितियों के सत्यापन, सोशल मीडिया समूहों के गठन, जिला एवं मंडल स्तर पर आईटी टीमों के विस्तार तथा कार्यक्रमों की डिजिटल रिपोर्टिंग को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने संबंधी विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही संगठन की गतिविधियों को डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिक व्यापक स्तर पर पहुंचाने की रणनीति भी साझा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई ने कहा कि आज के समय में आईटी सेल संगठन की रीढ़ के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से संगठन की विचारधारा, सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को तेज गति से आम जनता तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में आईटी सेल की भूमिका, जिम्मेदारियों और कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी देते हुए पदाधिकारियों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल डिजिटल उपस्थिति बढ़ाना नहीं, बल्कि तकनीक के माध्यम से संगठन और समाज के बीच मजबूत संवाद स्थापित करना है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को तकनीकी रूप से दक्ष और सक्रिय बनाना समय की आवश्यकता है।
बैठक में भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने मीडिया और आईटी सेल के समन्वय को संगठन की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि सकारात्मक गतिविधियों, जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों का प्रभावी प्रचार-प्रसार डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से तेजी से किया जा सकता है। उन्होंने संगठन के संदेशों को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए आईटी सेल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक के दौरान आगामी अभियानों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों को डिजिटल माध्यमों से अधिक प्रभावशाली बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने बूथ स्तर तक तकनीकी नेटवर्क को मजबूत करने तथा संगठन की पहुंच को और अधिक विस्तार देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सह संयोजक संजय सोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रदेश सह संयोजक प्रमोद सिंह ने किया।
बैठक में प्रदेश सह संयोजक संदीप उपारकर, सौरभ कौतुक, विक्की रमानी, कार्यालय प्रभारी लोकेश पवार, सह प्रभारी शैलेंद्र दीक्षित, संभाग प्रभारी सागर मयाणी, भरत ठक्कर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिनी पांडेय, सौरभ मिश्रा, करण कश्यप, हर्षित चोकसे, सूर्य प्रताप सिंह, हेमा दीवान, गौरव सिन्हा, राहुल डूंगरे सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में आईटी सेल के पदाधिकारी, जिला संयोजक, सह संयोजक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने, बूथ स्तर तक डिजिटल संरचना को मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम में आगामी समय में भाजपा के डिजिटल अभियान को नई गति देने और तकनीक आधारित संगठन निर्माण की स्पष्ट झलक देखने को मिली।


