सतनामी समाज के शताब्दी वर्ष में संगठन को मिली नई दिशा: अखिल भारतीय महासभा का पुनर्गठन, राजमहंत जे.पी. कोशले बने राष्ट्रीय सचिव



बरदवार में आयोजित भव्य सम्मेलन में देशभर के राजमहंत, समाज प्रमुख और पदाधिकारी हुए शामिल, नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का हुआ गठन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* सक्ती/बरदवार। सतनामी समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अखिल भारतीय सतनामी महासभा के शताब्दी वर्ष के अवसर पर महासभा का पुनर्गठन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर 20 जून 2026 को जिला सक्ती के बरदवार में आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें राजमहंत जे.पी. कोशले को राष्ट्रीय सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
भव्य सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जगतगुरु गुरु गद्दीनशीन रुद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेशभर के राजमहंत, जिला महंत, भंडारी, सामाजिक पदाधिकारी एवं समाज प्रमुख बड़ी संख्या में शामिल हुए। सम्मेलन ने समाज की एकता, संगठन और भविष्य की दिशा को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया।
गुरु घासीदास जी की पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत परम पूज्य गुरु घासीदास जी की गुरु गद्दी की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं मंगलाचरण के साथ हुई। सतनाम के जयघोष और पंथी मंगल भजनों के बीच मुख्य अतिथि जगतगुरु रुद्र कुमार का भव्य स्वागत किया गया। पूरे सम्मेलन में आध्यात्मिक और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का हुआ गठन
सम्मेलन में महासभा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन करते हुए वरिष्ठ राजमहंत दशेराम खांडे को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं राजमहंत बी.एल. कोसरिया को राष्ट्रीय महासचिव तथा राजमहंत जे.पी. कोशले को राष्ट्रीय सचिव का दायित्व सौंपा गया।
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की प्रमुख नियुक्तियां
राष्ट्रीय अध्यक्ष – वरिष्ठ राजमहंत दशेराम खांडे (बिलासपुर)
वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष – राजमहंत राजेश्वर भार्गव
वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष – राजमहंत सुंदरसाय बंजारे
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष – राजमहंत सी.आर. टंडन
राष्ट्रीय महासचिव – राजमहंत बी.एल. कोसरिया
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष – राजमहंत लालचंद्र मोहले, राजमहंत छबिलाल रात्रे
राष्ट्रीय सचिव – राजमहंत बंशीलाल कुर्रे, राजमहंत जे.पी. कोशले
राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष – डॉ. कुंती जांगड़े
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी – राजमहंत पी.के. घृतलहरे
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कोरबा सहित विभिन्न जिलों को प्रतिनिधित्व
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कोरबा, बिलासपुर, रायगढ़, कवर्धा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायपुर सहित विभिन्न जिलों के समाज प्रतिनिधियों को स्थान दिया गया। इसमें राजमहंत रामचंद्र पाटले, राजमहंत शांतिलाल खरे (कोरबा) सहित अनेक समाज प्रमुखों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
देश के विभिन्न राज्यों के लिए बनाए गए प्रभारी
महासभा ने संगठन के विस्तार और समन्वय के उद्देश्य से विभिन्न राज्यों के लिए प्रभारी भी नियुक्त किए हैं।
महाराष्ट्र – हर्ष पाटले (मुंबई)
दिल्ली – घनश्याम आगरे
असम – मदन जांगड़े
ओडिशा – ज्योति लाल बंजारे एवं सुरेश भारती
मध्यप्रदेश – श्रीकिशन बंजारे
गिरौदपुरी धाम होगा राष्ट्रीय मुख्यालय
सम्मेलन में यह महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया कि अखिल भारतीय सतनामी महासभा का राष्ट्रीय मुख्यालय गिरौदपुरी धाम स्थित महंत निवास में संचालित किया जाएगा। इससे संगठनात्मक गतिविधियों को एक केंद्रीय स्वरूप मिलेगा और समाज के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार को नई गति मिलेगी।
समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती पर जोर
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती को समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर महासभा का पुनर्गठन समाज के लिए नई ऊर्जा और नई दिशा लेकर आया है।
नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही सतनामी समाज में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समाजजनों ने उम्मीद जताई कि नई टीम सामाजिक उत्थान, संगठन विस्तार और गुरु घासीदास जी के विचारों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


