डिजिटल युग में संगठन को नई धार देने भाजपा का महाअभियान, प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को मिला प्रशिक्षण का मंत्र



पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान की कार्यशाला में संगठन विस्तार, डिजिटल सशक्तिकरण और जनसेवा पर हुआ मंथन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक प्रभावी, तकनीकी रूप से सक्षम तथा जनसरोकारों से जोड़ने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म की विशेष कार्यशाला आयोजित की। कार्यशाला में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन, प्रशिक्षण और जनसंपर्क को मजबूत बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यशाला के प्रदेश संयोजक जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा केवल चुनावी दल नहीं, 365 दिन जनता के बीच रहने वाला संगठन : किरण देव
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल चुनावों के समय सक्रिय होने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि वर्ष के 365 दिन और 24 घंटे समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में जुटी रहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के भाव से कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में अभी पर्याप्त समय है, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता हर समय तैयार रहता है। पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक अभियान जनता की आवश्यकताओं और समाजहित को ध्यान में रखकर संचालित किया जाता है।
प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत : पवन साय
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा का संगठन अपने कार्यकर्ताओं को लगातार प्रशिक्षित और जागरूक बनाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं, जो सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन विस्तार और जनजागरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
आपातकाल की पीड़ा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : डॉ. नवीन मार्कण्डेय
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने अपने संबोधन में आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का वह दौर कभी भुलाया नहीं जा सकता, जब देश में लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ था। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को आपातकाल की वास्तविकता और उसके प्रभावों से अवगत कराना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है।
डिजिटल प्लेटफार्म से मिलेगा संगठन को नया विस्तार : जगन्नाथ पाणिग्रही
कार्यशाला के प्रदेश संयोजक जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा समय के साथ नवाचार को अपनाने वाली पार्टी रही है। डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म के माध्यम से संगठन के कार्यों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के जरिए कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से निरंतर जुड़े रहेंगे, जिससे संगठनात्मक मजबूती और बढ़ेगी।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पक्ष कार्यक्रम प्रभारी नंदन जैन ने कहा कि 23 जून को पूरे देश में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 23 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले विशेष जनजागरण अभियान के माध्यम से डॉ. मुखर्जी के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का सपना राष्ट्र की पूर्ण एकता और अखंडता था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर उनके उस ऐतिहासिक संकल्प को साकार किया गया है।
डिजिटल प्रशिक्षण से जुड़े संगठन के नए आयाम
कार्यशाला के दौरान आईटी सेल के प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई ने डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और संगठनात्मक गतिविधियों में इसकी भूमिका की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यमों के जरिए प्रशिक्षण, संवाद और संगठनात्मक समन्वय को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रशिक्षण महाभियान टोली की सदस्य शताब्दी पांडेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया ने किया।
संगठन, सेवा और तकनीक का संगम
पूरी कार्यशाला में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता प्रशिक्षण, डिजिटल सशक्तिकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा, नई गति और नई दिशा मिलेगी।


