August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

तरदा स्कूल बना शिक्षा महोत्सव का केंद्र, शाला प्रवेश उत्सव में गूंजा ‘हर बच्चा पढ़े, हर बच्चा बढ़े’ का संकल्प

1 min read

 

जनप्रतिनिधियों, शिक्षा अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत, शिक्षा को बताया विकास की सबसे बड़ी ताकत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* करतला। शिक्षा के प्रति जनजागरण, बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प के साथ विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन शासकीय हाई स्कूल तरदा में किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, पुष्प एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत कर उनके शैक्षणिक जीवन की नई शुरुआत को यादगार बनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज झा रहे। उनके साथ मंच पर मंडल अध्यक्ष बरपाली ओम प्रकाश साहू, जनपद सदस्य चंदा चतुर कश्यप, सुष्मा राजवाड़े, नीता राकेश यादव, विश्राम राठिया, देवी बाई तथा ग्राम पंचायत तरदा की सरपंच गायत्री सिदार विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम के साक्षी बने।
नवप्रवेशी बच्चों के चेहरे पर दिखी नई उम्मीद की मुस्कान
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। बच्चों को तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर एवं शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, उत्साह और अभिभावकों की खुशी से गुलजार नजर आया।
अतिथियों ने बच्चों से मन लगाकर अध्ययन करने, नियमित रूप से विद्यालय आने तथा अपने जीवन में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही उन्हें अनुशासन, संस्कार और मेहनत के महत्व से भी अवगत कराया गया।
‘शिक्षा ही बदल सकती है समाज की तस्वीर’ — मनोज झा
मुख्य अतिथि मनोज झा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकता है।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है शिक्षा विभाग
विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय ने शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और नवाचारों की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक और नैतिक विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रदान करने तथा विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों के विकास पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने का महत्वपूर्ण अभियान है।
शिक्षा के प्रति जागरूकता का बना प्रेरक मंच
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला। बच्चों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि शिक्षा की जिम्मेदारी केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है।
ग्रामीणों ने भी शिक्षा के क्षेत्र में शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
नई उम्मीदों और सपनों के साथ शुरू हुआ शिक्षा का नया सफर
शाला प्रवेश उत्सव ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो बच्चों के सपनों को उड़ान देने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी दिशा प्रदान करती है।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.