August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

योग से स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मविश्वास का संदेश: चर्रापारा प्राथमिक शाला में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

1 min read

 

 

नन्हे विद्यार्थियों ने किया सूर्य नमस्कार और प्राणायाम, ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर निभाई सहभागिता
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला चर्रापारा में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर नजर आया, जहां विद्यार्थियों, शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक एवं ब्लॉक संयुक्त सचिव मनराखन अगरिया ने बच्चों और उपस्थित ग्रामीणों को योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने प्राणायाम, ध्यान, सूर्य नमस्कार तथा कई महत्वपूर्ण योगासनों की जानकारी देते हुए बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक दिशा देने की एक वैज्ञानिक पद्धति है।
योग सत्र में बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। नन्हे विद्यार्थियों ने योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में विभिन्न आसनों का अभ्यास करते हुए यह संदेश दिया कि स्वस्थ जीवन की नींव बचपन से ही रखी जानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को ऊर्जावान बनाए रखने के महत्व पर विशेष चर्चा की गई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती दुर्गा शर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योग करने और अपने दैनिक जीवन में इसे अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के बदलते परिवेश में बच्चों को मोबाइल और अन्य नकारात्मक प्रभावों से दूर रखकर योग, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अनुरंजना तिर्की, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ, जागरूक और सकारात्मक समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने प्रतिदिन योग करने तथा योग के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों के लिए प्रेरणादायी रहा और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.