June 19, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे पर भाजपा का तंज, प्रशिक्षण शिविर की उपयोगिता पर उठाए सवाल

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  रायपुर। कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर और राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि लगातार चुनावी पराजयों का सामना कर रही कांग्रेस को पहले आत्ममंथन करना चाहिए, उसके बाद प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने चाहिए।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व जनता का विश्वास खो चुका है और विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों में मिली हार इसका प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का संदेश देने के बजाय अपनी राजनीतिक विफलताओं से ध्यान हटाने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राहुल गांधी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को नई दिशा देने के बजाय हार के कारणों की समीक्षा का मंच बनता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के शासनकाल को नकार चुकी है और अब कांग्रेस को अपनी राजनीतिक रणनीति पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।
ठाकुर ने कहा कि केवल प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने से जनता के बीच खोई हुई साख वापस नहीं आएगी। जनता विकास, सुशासन और परिणाम चाहती है तथा इसी आधार पर अपना जनादेश देती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की नीतियों और कार्यों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस आंतरिक चुनौतियों और नेतृत्व संकट से जूझ रही है।
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे और कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर भाजपा के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.