August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

झारखंड राज्यसभा चुनाव पर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला, नलिनीश ठोकने बोले— ‘जहाँ-जहाँ गए भूपेश, वहाँ-वहाँ कांग्रेस का बंटाधार’

1 min read

 

एनडीए प्रत्याशी की जीत को बताया मोदी नेतृत्व पर विश्वास की मुहर, कांग्रेस के प्रस्तावित प्रशिक्षण शिविर पर भी कसा तंज
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। झारखंड राज्यसभा चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कहा कि झारखंड में एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नथवानी की जीत ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि देश की जनता और जनप्रतिनिधियों का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और एनडीए की नीतियों पर लगातार मजबूत हो रहा है।

 

ठोकने ने इस जीत को भाजपा और एनडीए की बड़ी राजनीतिक सफलता बताते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्यसभा चुनाव छत्तीसगढ़ के राजनीतिक परिदृश्य से भी जुड़ा रहा, क्योंकि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने प्रमुख नेताओं को वहां चुनावी जिम्मेदारी सौंपी थी। एक ओर एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी विजय शर्मा के पास थी, वहीं कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी के समर्थन और चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सौंपी थी।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि चुनाव परिणामों ने दोनों नेताओं की राजनीतिक रणनीति और नेतृत्व क्षमता का अंतर स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि विजय शर्मा के नेतृत्व में एनडीए को सफलता मिली, जबकि कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
नलिनीश ठोकने ने भूपेश बघेल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुनावी परंपरा का अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में भूपेश बघेल को कांग्रेस ने चुनावी जिम्मेदारी दी, वहां पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड राज्यसभा चुनाव का परिणाम भी इसी क्रम का हिस्सा है।
उन्होंने कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित प्रशिक्षण शिविर (ट्रेनिंग कैंप) पर भी तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम में एक नया विषय शामिल करना चाहिए—”लगातार चुनाव कैसे हारे जाएं”। ठोकने ने व्यंग्य करते हुए कहा कि इस विषय पर भूपेश बघेल को मुख्य वक्ता बनाया जाना चाहिए ताकि वे अपने चुनावी अनुभव कार्यकर्ताओं के साथ साझा कर सकें।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि देशभर में भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं को मिल रहे जनसमर्थन के कारण विपक्षी दल लगातार राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हालिया चुनावी परिणाम इसी जनविश्वास का प्रमाण हैं।
झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा जहां इसे एनडीए की रणनीतिक सफलता बता रही है, वहीं कांग्रेस की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.