राष्ट्रीय एकता शिविर में बिंझरा की श्रद्धा पटेल ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव, प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लौटीं सकुशल



हरियाणा के हिसार में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर में किया उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व, एनएसएस परिवार में खुशी का माहौल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई बिंझरा की स्वयंसेवक कुमारी श्रद्धा पटेल ने हरियाणा के हिसार में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर (National Integration Camp) में सहभागिता कर क्षेत्र, महाविद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। शिविर के सफल समापन के बाद श्रद्धा पटेल सकुशल अपने गृह ग्राम बिंझरा पहुंच गई हैं, जहां उनके आगमन पर एनएसएस स्वयंसेवकों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता, सामाजिक दायित्व और नेतृत्व क्षमता से जुड़े विविध कार्यक्रमों में सहभागिता की। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से अवगत कराया गया।

शिविर में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए कुमारी श्रद्धा पटेल को अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। यह उपलब्धि न केवल श्रद्धा पटेल के लिए बल्कि संपूर्ण एनएसएस बिंझरा इकाई और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
श्रद्धा पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय एकता शिविर में देश की विविध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को निकट से जानने एवं समझने का अवसर मिला। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के साथ संवाद और अनुभवों के आदान-प्रदान ने उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एनएसएस परिवार ने श्रद्धा पटेल की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य युवाओं और स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी अवसर मिलने पर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने श्रद्धा पटेल को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


