August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

12 वर्षों में बदला भारत का स्वरूप, जनकल्याण और विकास की नई इबारत लिखी गई : तोखन साहू

1 min read

 

 

कोरबा में केंद्रीय राज्य मंत्री ने मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को बताया ऐतिहासिक, कहा— सेवा, सुशासन और संकल्प से सशक्त हुआ देश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने न केवल वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।

 

 

टी.पी. नगर स्थित प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला, भाजपा प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जोगेश लांबा, अशोक चावलानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि मोदी सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को केवल नारा नहीं, बल्कि शासन की कार्यशैली बनाया है। इसी सोच के परिणामस्वरूप आज देश का हर वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है, जो विश्व मंच पर मजबूती से अपनी बात रखता है और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर सक्षम है।
गरीब कल्याण योजनाओं ने बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी
तोखन साहू ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का सबसे बड़ा लाभ गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग को मिला है। जन-धन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, जिससे आर्थिक समावेशन को नई गति मिली। कोरोना महामारी जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी सरकार ने करोड़ों परिवारों को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराकर राहत पहुंचाई।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हुआ। उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाते हुए उनके जीवन स्तर में सुधार किया है। जल जीवन मिशन के जरिए गांवों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का व्यापक अभियान चलाया गया, जबकि स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई है।
किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण किया जा रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के विस्तार से किसानों को आसान और सस्ती ऋण सुविधा प्राप्त हुई है। कृषि क्षेत्र में तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देकर उत्पादन क्षमता में वृद्धि की दिशा में भी निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया तथा पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाएं प्रभावी साबित हुई हैं। इन पहलों के माध्यम से लाखों युवाओं को नए अवसर मिले हैं और वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदार बन रहे हैं।
जनजातीय समाज और महिलाओं के उत्थान को मिली नई दिशा
तोखन साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी है। आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसे प्रयासों से जनजातीय क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी अभियान, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, सुकन्या समृद्धि योजना और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज महिलाएं देश के विकास की अग्रिम पंक्ति में खड़ी हैं और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
नए भारत की मजबूत नींव रखी गई
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से लेकर अब तक की यात्रा केवल सरकार की उपलब्धियों का विवरण नहीं, बल्कि देश के व्यापक परिवर्तन की कहानी है। आज भारत आर्थिक, सामरिक और सामाजिक दृष्टि से पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत और सक्षम राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश और अधिक तेज गति से आगे बढ़ेगा तथा आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ करेगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा पदाधिकारियों ने भी केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए परिवर्तन को ऐतिहासिक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.