August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“हर खुशी के मौके पर लगाएं एक पौधा, प्रकृति को दें जीवन का उपहार” — जायसवाल महिला सभा की प्रेरक पहल

1 min read

 

कटघोरा में महिला सभा की बैठक संपन्न, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का लिया संकल्प
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कटघोरा। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ जायसवाल महिला सभा इकाई कटघोरा की महत्वपूर्ण बैठक कांति निवास में संपन्न हुई। बैठक में महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य खुशी के अवसरों पर पौधारोपण करने का आह्वान किया। साथ ही लोगों को पेड़-पौधों के संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प भी लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जायसवाल महिला सभा जिला अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल एवं इकाई अध्यक्ष रंजू डिक्सेना ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। इसलिए समाज के हर वर्ग को वृक्षारोपण को जन अभियान के रूप में अपनाना होगा। वक्ताओं ने लोगों से हरे-भरे वृक्षों की कटाई रोकने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए आगे आने की अपील की।
बैठक में उपस्थित महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने तथा लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस दौरान सामाजिक सरोकारों, महिला सशक्तिकरण तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सार्थक चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल, पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती ललिता डिक्सेना, सुनीता जायसवाल, पुष्पा डिक्सेना, अनीता डिक्सेना, मुक्ता जायसवाल, किरण जायसवाल, पूनम जायसवाल, अर्चना डिक्सेना एवं लीना जायसवाल सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
बैठक का समापन पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और हरित भविष्य के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
“एक पौधा आज लगाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को जीवन का अमूल्य उपहार दे पाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.