August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीतियों के निर्माण में बढ़ेगी छत्तीसगढ़ की भागीदारी : राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा बनीं संसद की स्वास्थ्य संबंधी स्थायी समिति की सदस्य

1 min read

 

ग्रामीण, आदिवासी और दूरस्थ अंचलों की स्वास्थ्य चुनौतियों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, महिला एवं बाल स्वास्थ्य के मुद्दों को मिलेगी नई मजबूती
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को संसद की प्रतिष्ठित ‘स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी विभागीय संसदीय स्थायी समिति’ का सदस्य मनोनीत किया गया है। राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उनका यह नामांकन 3 जून 2026 से प्रभावी हो गया है। इस नियुक्ति को स्वास्थ्य नीति निर्माण और जनकल्याण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की प्रभावी भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।
संसद की यह स्थायी समिति देश की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा सुविधाओं, परिवार कल्याण कार्यक्रमों, स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं और नीतिगत विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव एवं अनुशंसाएँ प्रदान करती है। ऐसे में सांसद लक्ष्मी वर्मा का इस समिति में शामिल होना न केवल उनके संसदीय अनुभव का सम्मान है, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनता की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।
आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज पहुंचेगी संसद की नीति निर्माण प्रक्रिया तक
श्रीमती वर्मा लंबे समय से जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रही हैं। उनके समिति में शामिल होने से छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचल, ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी चुनौतियों, संसाधनों की जरूरतों तथा जनस्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती के साथ उठाए जाने की उम्मीद बढ़ गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन, टीकाकरण, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा अधोसंरचना के विकास जैसे विषयों को समिति के समक्ष प्रभावी रूप से रखने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
महिला एवं बाल स्वास्थ्य को मिलेगी नई प्राथमिकता
संसदीय स्थायी समिति में उनकी नियुक्ति से महिला स्वास्थ्य, बाल पोषण, किशोरी स्वास्थ्य, मातृ सुरक्षा और परिवार कल्याण कार्यक्रमों से जुड़े विषयों को भी नई दिशा मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष फोकस रहने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण
राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने सांसद लक्ष्मी वर्मा को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि वे अपने अनुभव, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण के बल पर समिति में प्रभावी भूमिका निभाएंगी। इससे न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े मुद्दों के समाधान और बेहतर नीति निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
सांसद लक्ष्मी वर्मा की यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ की महिलाओं, ग्रामीणों, आदिवासी समुदायों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लाखों लोगों की उम्मीदों को नई उड़ान देने वाली उपलब्धि मानी जा रही है। संसद की इस महत्वपूर्ण समिति में उनकी सक्रिय भागीदारी स्वास्थ्य क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और जनकल्याण की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.