मन की बात के 134वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ के लाल अनिमेष कुजूर का जिक्र, पीएम मोदी ने की उपलब्धियों की सराहना



100 मीटर दौड़ में टूटे राष्ट्रीय रिकॉर्ड का किया उल्लेख, युवा एथलीटों को बताया देश की नई खेल शक्ति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// नई दिल्ली/रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड में भारतीय एथलेटिक्स की नई उड़ान का उल्लेख करते हुए देश के युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियों की जमकर सराहना की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से 100 मीटर दौड़ में बने नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड और युवा धावकों गुरविंदरवीर सिंह तथा अनिमेष कुजूर के शानदार प्रदर्शन का जिक्र किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन दिनों देशभर में 100 मीटर दौड़ की चर्चा हो रही है। उन्होंने बताया कि महज दो दिनों के भीतर पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा, जो भारतीय एथलेटिक्स के लिए बेहद गौरवपूर्ण उपलब्धि है। पीएम ने कहा कि यह दिखाता है कि देश के युवा खिलाड़ी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं और भारत खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में शामिल युवा एथलीट अनिमेष कुजूर ने प्रधानमंत्री से संवाद करते हुए अपनी खेल यात्रा साझा की। उन्होंने कहा,
“नमस्ते सर, मेरा नाम अनिमेष कुजूर है। मैं 200 मीटर और 400 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हूं और मैं छत्तीसगढ़ से आता हूं। अभी मैं ओडिशा से खेलता हूं। मैं पिछले साल एशियन मेडल और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स का मेडल लेकर आया हूं। मैंने 2021 में, स्कूल से पास होने के बाद, एथलेटिक्स की शुरुआत की थी।”
अनिमेष कुजूर की इस प्रेरणादायक यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
छत्तीसगढ़ से ताल्लुक रखने वाले अनिमेष कुजूर का ‘मन की बात’ में उल्लेख होने से प्रदेश के खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह का माहौल है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि अनिमेष की सफलता राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नई दिशा और प्रेरणा देगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि भारत के खिलाड़ी अब विश्व स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं और देश में खेल संस्कृति लगातार विकसित हो रही है। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने तथा फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड में अनिमेष कुजूर का उल्लेख छत्तीसगढ़ के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि राज्य की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी चमक बिखेर रही हैं।


