May 31, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में विकास का महाअभियान: 6 वार्डों को मिली 1.08 करोड़ रुपये की सौगात, मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया भूमिपूजन

 

 

नाली, सीसी रोड, सांस्कृतिक मंच, किचन शेड और वेंडिंग जोन सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत, ट्रिपल इंजन सरकार ने विकास को दी नई रफ्तार
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा, 30 मई 2026। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में सर्वमंगला नगर एवं दर्री जोन के 6 वार्डों में 1 करोड़ 8 लाख रुपये से अधिक लागत के विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों में इन विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
पूजा-अर्चना और शिलान्यास के साथ शुरू हुए इन कार्यों से हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, निगम अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
इन वार्डों में होंगे करोड़ों के विकास कार्य
सर्वमंगला नगर जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक-61 बरमपुर में ट्रांसफार्मर के पास से नदी तक 20 लाख रुपये की लागत से नाली एवं कलवर्ट निर्माण तथा चैतु मंझवार के खेत से नदी तक 20 लाख रुपये की लागत से नाली एवं कलवर्ट निर्माण कार्य कराया जाएगा।
वहीं वार्ड क्रमांक-64 इमलीछापर के रामनगर क्षेत्र में कंचन कंवर के घर से राजेश सोनवानी के घर होते हुए नदी तक 11.50 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।
दर्री जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक-52 में शारदा चौक, चित्रा साहू गली एवं सतनाम चौक क्षेत्र में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण होगा। वार्ड क्रमांक-53 में 6 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच का निर्माण किया जाएगा। वार्ड क्रमांक-54 डुमरमुड़ा बस्ती में ठाकुर देव स्थल के समीप 3 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण तथा स्वामी आत्मानंद विद्यालय गोपालपुर में 5 लाख रुपये की लागत से किचन शेड एवं अन्य विस्तार कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा वार्ड क्रमांक-58 सरदार वल्लभभाई पटेल नगर में बस स्टैंड के समीप 22.55 लाख रुपये की लागत से आधुनिक वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा।

 

 

छत्तीसगढ़ को संवारने का काम कर रही भाजपा सरकार – लखनलाल देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य सरकार विकास और जनकल्याण दोनों मोर्चों पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता, तेंदूपत्ता संग्राहकों को लाभ, लाखों प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति और रामलला दर्शन योजना जैसी अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। आज विकास और जनकल्याण का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
ट्रिपल इंजन सरकार से विकास को मिली अभूतपूर्व गति – महापौर संजू राजपूत
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार होने का लाभ सीधे जनता को मिल रहा है। विकास कार्यों के लिए लगातार संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं और कोरबा नगर निगम क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले सवा दो वर्षों में नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न मदों के तहत लगभग 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर व्यक्ति को पक्का मकान देने के संकल्प को भी तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।
वार्ड 61 में ही हो चुके हैं 7 करोड़ रुपये के विकास कार्य
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद एवं वर्तमान पार्षद प्रतिनिधि माधव जायसवाल ने कहा कि वार्ड क्रमांक-61 में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत के प्रयासों से अब तक लगभग 7 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। उन्होंने इसके लिए दोनों जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि आने वाले समय में और भी बड़े विकास कार्यों की शुरुआत होगी।
पार्षद आरती सिंह ने भी क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए मंत्री एवं महापौर का धन्यवाद ज्ञापित किया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, भानुमति जायसवाल, आरती सिंह, राधा महंत, सरोज शांडिल्य, मुकुंद सिंह कंवर, फिरतराम साहू, सुखविंदर कौर, रामाधार पटेल, प्रेमकुमार साहू, सर्वमंगला मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, दर्री मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, माधव जायसवाल, ईश्वर साहू, नरेन्द्र पाटनवार, रामेश्वर वैष्णव, माखन यादव, देवकी साहू, सुरेन्द्र राजवाड़े, राहुल श्रीवास, मोनू बरेठ, अनिल यादव, मनोज राजपूत सहित निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कोरबा में विकास का पहिया तेज रफ्तार से दौड़ रहा है। 6 वार्डों में 1.08 करोड़ रुपये के नए कार्यों की शुरुआत के साथ सड़क, नाली, सांस्कृतिक मंच, किचन शेड और वेंडिंग जोन जैसी सुविधाओं का विस्तार अब सीधे जनता के जीवन को आसान बनाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.