“कांग्रेस राज में अपराधियों का था खुला साम्राज्य, अब भाजपा सरकार चला रही कानून का बुलडोजर”



प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोलीं — “भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ को बना दिया था माफियाओं का सुरक्षित ठिकाना”
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में कानून-व्यवस्था और अपराध को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर जोरदार पलटवार करते हुए कांग्रेस शासनकाल को “माफिया राज” और “अपराध संरक्षण काल” करार दिया है। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ अपराधियों, सटोरियों, माफियाओं और भ्रष्टाचारियों का सबसे सुरक्षित अड्डा बन गया था।
श्रीमती पाण्डेय ने तीखे शब्दों में कहा कि आज कांग्रेस कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रही है, जबकि जनता अब भी उस दौर को भूली नहीं है जब प्रदेश में अपराधियों का खुला आतंक था और सत्ता के संरक्षण में अवैध कारोबार फल-फूल रहे थे। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” की तर्ज पर कांग्रेस अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा सरकार पर अनर्गल आरोप लगा रही है।
“कोयला, शराब और सट्टा घोटालों ने कांग्रेस राज की असली तस्वीर दिखाई”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कोयला माफिया, रेत माफिया और शराब माफिया की सत्ता के शीर्ष तक सीधी पहुंच थी। हजारों करोड़ रुपए के शराब घोटाले, कोयला घोटाले और महादेव सट्टा ऐप जैसे मामलों ने पूरे देश में छत्तीसगढ़ की छवि को धूमिल किया। उन्होंने दावा किया कि इन मामलों में जुड़े कई आरोपी और अधिकारी आज जेल में हैं, जो कांग्रेस शासन की कार्यप्रणाली को उजागर करता है।
“गैंगवार और अपराध से कांपता था प्रदेश”
शताब्दी पाण्डेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राज में राजधानी रायपुर से लेकर दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर तक अपराधियों का खुला आतंक था। गैंगवार, फिरौती, गोलीबारी और अपहरण की घटनाएं आम हो चुकी थीं। उन्होंने कहा कि “प्रदेश की जनता ने वह दौर देखा है जब अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि सरेआम हथियार लहराए जाते थे और कानून व्यवस्था नाम की चीज दिखाई नहीं देती थी।”
“भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाया गया”
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाना, आवाज दबाना और प्रशासन का दुरुपयोग करना भूपेश सरकार की पहचान बन चुका था। उन्होंने यहां तक कहा कि कांग्रेस ने झीरम घाटी के शहीदों और अपने वरिष्ठ नेताओं तक को न्याय नहीं दिलाया।
“साय सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति से अपराधियों में डर”
श्रीमती पाण्डेय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों, नशा कारोबारियों और सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पेंड्रा, रायपुर और देवभोग जैसी घटनाओं में पुलिस ने बिना किसी राजनीतिक दबाव के त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भेजा। वहीं अवैध रेत उत्खनन, जुआ-सट्टा और नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
“जनता ने भाजपा सरकार में राहत की सांस ली”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद कानून का राज स्थापित हुआ है और जनता खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही है। कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी राजनीतिक जमीन खो चुकी है और अब हर घटना पर राजनीति कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।
मुख्य बिंदु एक नजर में
🔴 भाजपा का कांग्रेस पर “माफिया राज” चलाने का आरोप
🔴 कोयला, शराब और महादेव ऐप घोटालों का किया जिक्र
🔴 कांग्रेस शासनकाल में अपराध बढ़ने का दावा
🔴 भाजपा कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने का आरोप
🔴 भाजपा सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति की तारीफ
🔴 अपराधियों और नशा कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई का दावा
🔴 कांग्रेस से जनता से माफी मांगने की मांग
भाजपा ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले समय में कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रदेश की राजनीति में बड़ा चुनावी हथियार बनने वाला है। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप की यह जंग अब और तेज होने के आसार हैं।


