आदिवासी हितों पर कांग्रेस का पाखंड बेनकाब, डी-लिस्टिंग पर भ्रम फैलाकर राजनीति कर रही कांग्रेस : केदार कश्यप



वनमंत्री का कांग्रेस पर तीखा हमला — “दशकों तक आदिवासियों का शोषण करने वाली पार्टी अब मगरमच्छ के आंसू बहा रही”
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//रायपुर छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने डी-लिस्टिंग मुद्दे पर कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस को आदिवासी समाज के अधिकारों और अस्मिता से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस केवल भ्रम फैलाकर अपनी खत्म होती राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश कर रही है।
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। आदिवासियों के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस ने कभी उनके वास्तविक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की चिंता नहीं की। आज जब जनजातीय समाज अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर आवाज उठा रहा है, तब कांग्रेस को तकलीफ हो रही है।
कश्यप ने तीखे शब्दों में कहा कि डी-लिस्टिंग का मुद्दा किसी वर्ग के विरोध का नहीं, बल्कि वास्तविक जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों और हिस्सेदारी की रक्षा का विषय है। लेकिन कांग्रेस इस गंभीर विषय को भी राजनीतिक हथियार बनाकर आदिवासी समाज को गुमराह करने में लगी हुई है।
उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि वह स्पष्ट करे कि वह वास्तविक वनवासी समाज के अधिकारों के साथ खड़ी है या उन लोगों के पक्ष में, जो आदिवासी सुविधाओं का अनुचित लाभ लेकर मूल आदिवासी समाज के हिस्से पर कब्जा कर रहे हैं।
वनमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को आदिवासी हितों की बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। कांग्रेस शासन के दौरान आदिवासी क्षेत्रों में भ्रष्टाचार, बिचौलिया तंत्र और शोषण चरम पर था। वन अधिकार कानून और पेसा कानून के नाम पर केवल झूठे वादे किए गए, लेकिन जमीन पर आदिवासियों को उनका हक नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज के सम्मान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। आज देशभर में आदिवासी गौरव और जनजातीय अस्मिता को नई पहचान मिली है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही।
केदार कश्यप ने कहा कि दिल्ली में आयोजित जनजातीय समाज समागम में उमड़ी भारी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि आदिवासी समाज अब जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर खड़ा है। कांग्रेस इस जनभावना का अपमान कर रही है और समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दीपक बैज और कांग्रेस नेता आदिवासी समाज के बीच भ्रम और भय फैलाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं, लेकिन अब जनजातीय समाज कांग्रेस के छल और झूठ को अच्छी तरह समझ चुका है।
वनमंत्री कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि आदिवासी समाज को गुमराह करने और राजनीतिक स्वार्थ के लिए भ्रम फैलाने की राजनीति अब ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है।


