August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सनातन और संत समाज के अपमान पर भड़की भाजपा: “अपनी डूबती राजनीति बचाने संतों पर हमला कर रही कांग्रेस”

1 min read

 

प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी का चरणदास महंत पर जोरदार प्रहार — “राम विरोध से शुरू हुई कांग्रेस अब संत विरोध तक पहुंची”

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//रायपुर  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत द्वारा जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य और बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस को जमकर घेरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब राजनीतिक दिवालियापन की उस स्थिति में पहुंच चुकी है, जहां अपनी डगमगाती कुर्सी और गिरते जनाधार को बचाने के लिए वह खुलेआम संत समाज और सनातन संस्कृति पर हमला कर रही है।
अखिलेश सोनी ने तीखे शब्दों में कहा कि कांग्रेस का असली चेहरा एक बार फिर बेनकाब हो गया है। जिस पार्टी ने कभी भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, रामसेतु को काल्पनिक बताया और राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का बहिष्कार किया, वही कांग्रेस अब देश के पूज्य संतों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि सनातन और हिंदू आस्था का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक संस्कृति बन चुकी है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस में अब पद और कुर्सी बचाने की एक ही शर्त रह गई है — “जितना बड़ा सनातन विरोधी बयान, उतनी बड़ी राजनीतिक वफादारी।” चरणदास महंत ने भी अपनी कुर्सी बचाने और आलाकमान को खुश करने के लिए संत समाज पर अमर्यादित टिप्पणी कर अपनी मानसिकता उजागर कर दी है।
सोनी ने कहा कि जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। ऐसे पूज्य संतों पर अभद्र टिप्पणी करना केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन परंपरा और भारतीय संस्कृति का अपमान है। कांग्रेस नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि संत समाज पर हमला कर वे देश की धार्मिक चेतना को चुनौती दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक चरित्र हमेशा से तुष्टीकरण, आस्था पर प्रहार और समाज को बांटने वाला रहा है। जब-जब कांग्रेस सत्ता से दूर हुई है, उसने सनातन और हिंदू भावनाओं पर हमला बोलकर सस्ती राजनीति करने की कोशिश की है। लेकिन अब देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस की इस मानसिकता को पूरी तरह पहचान चुकी है।
अखिलेश सोनी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धर्मप्राण जनता अपने पूज्य संतों का अपमान किसी भी हाल में सहन नहीं करेगी। कांग्रेस को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि संत समाज और हिंदू आस्था पर हमला कर वह राजनीतिक लाभ ले सकेगी। जनता चुनाव में कांग्रेस को इसका करारा जवाब देगी।
उन्होंने मांग की कि चरणदास महंत तत्काल बिना शर्त पूरे संत समाज, हिंदू समाज और देशवासियों से सार्वजनिक माफी मांगें। भाजपा प्रदेश महामंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं की ऐसी अमर्यादित बयानबाजी बंद नहीं हुई तो प्रदेशभर में जनता के बीच इसका जोरदार विरोध किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.