August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

अपराधियों की ढाल बनी कांग्रेस, कानून व्यवस्था को चुनौती देने सड़क पर उतरे दिग्गज नेता : भाजपा

1 min read

 

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल का तीखा हमला — “आर्म्स एक्ट के आरोपी को बचाने धरने पर बैठी कांग्रेस का असली चेहरा उजागर”

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर  भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने सूरजपुर जिले के विश्रामपुर क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं द्वारा किए जा रहे धरना और आमरण अनशन पर जोरदार हमला बोलते हुए कांग्रेस पर अपराधियों को संरक्षण देने, पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने और प्रदेश में अराजकता फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में संभावित हार को देखकर कांग्रेस के बड़े नेता बुरी तरह घबरा गए हैं और अब लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ने के बजाय दबाव, डर और अराजकता की राजनीति पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जैसे वरिष्ठ नेता एक ऐसे व्यक्ति के समर्थन में धरने पर बैठे हैं, जिसके खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर आपराधिक मामला दर्ज किया है।
भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अब खुलेआम अपराधियों और अवैध हथियार लहराने वालों की राजनीतिक संरक्षक बन चुकी है? उन्होंने कहा कि जब पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है, तब कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का धरना और अनशन केवल जांच को प्रभावित करने और प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश है।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया लोकतंत्र और कानून व्यवस्था के प्रति उसके असली चरित्र को उजागर करता है। कांग्रेस हमेशा से दबाव की राजनीति, तुष्टीकरण और अपराधी तत्वों को संरक्षण देकर सत्ता हासिल करने की मानसिकता में रही है। अब जब जनता कांग्रेस को नकार चुकी है, तब वह भय और अराजकता का माहौल बनाकर चुनाव प्रभावित करना चाहती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार भाजपा समर्थकों को डराने-धमकाने, माहौल खराब करने और प्रशासन पर अनर्गल दबाव बनाने में जुटे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि सुशासन की सरकार में कानून से ऊपर कोई नहीं है। चाहे आरोपी कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई होकर रहेगी।
डॉ. किरण बघेल ने घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि 24 मई 2026 को कांग्रेस से जुड़े नरेंद्र जैन नामक व्यक्ति ने भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पाण्डेय के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए फरसा लहराकर जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद मुकेश साहू ने किसी तरह मित्तल पाण्डेय की जान बचाई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कानूनी कार्रवाई से बचने और राजनीतिक दबाव बनाने के उद्देश्य से 26 मई को नरेंद्र जैन की पत्नी मधु जैन द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं मित्तल पाण्डेय और मुकेश साहू के खिलाफ झूठी और मनगढ़ंत काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसमें सत्यता का कोई आधार नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता ने पुलिस महानिदेशक एवं प्रशासन से मांग की कि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कथित झूठे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर तत्काल निरस्त किया जाए तथा राजनीतिक द्वेष और दबाव की नीयत से झूठी शिकायत दर्ज कराने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हार की आशंका से बौखलाई हुई है और अब लोकतंत्र को बंधक बनाकर भय का वातावरण तैयार करना चाहती है, लेकिन प्रदेश की जागरूक जनता कांग्रेस की इस “अपराधी संरक्षण नीति” को भलीभांति समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जनता आने वाले चुनाव में कांग्रेस को करारा जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.