आयुर्वेद सेवा के पुरोधा नाड़ीवैद्य पं. शिव कुमार शर्मा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित



जमना फार्मास्यूटिकल्स भोपाल ने आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार और जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया अभिनंदन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा/बिलासपुर
आयुर्वेद चिकित्सा के माध्यम से वर्षों से जनसेवा कर रहे कोरबा के सुप्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य एवं श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा को आयुर्वेद के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पण और निरंतर सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें जमना फार्मास्यूटिकल्स भोपाल द्वारा बिलासपुर में आयोजित भव्य वितरक, वैद्य एवं चिकित्सक सम्मेलन में प्रदान किया गया।
दी आनंदा इम्पीरियल होटल बिलासपुर में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में प्रदेशभर से प्रतिष्ठित वैद्य, आयुष चिकित्सक, वितरक एवं आयुर्वेद क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ बड़ी संख्या में शामिल हुए। समारोह में आयुर्वेद चिकित्सा के संरक्षण, संवर्धन और समाज में इसके महत्व को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान जमना फार्मास्यूटिकल्स भोपाल के डायरेक्टर वैद्य सुषेण माहेश्वरी, मार्केटिंग मैनेजर राजेश गुप्ता, डिप्टी मार्केटिंग मैनेजर अनिल ढोके एवं एसएसओ नेत्र नंदन साहू ने नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा को शाल ओढ़ाकर, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में उनके सम्मान की घोषणा होते ही उपस्थित वैद्यों एवं चिकित्सकों ने जोरदार तालियों से उनका अभिनंदन किया।

सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पंडित शिव कुमार शर्मा ने आयुर्वेद को केवल चिकित्सा पद्धति तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे जनसेवा और सामाजिक चेतना का माध्यम बनाया। उन्होंने कोरबा सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद चिकित्सा को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ हजारों लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयुर्वेद के प्रवर्तक भगवान धनवंतरी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जमना फार्मास्यूटिकल्स भोपाल के डायरेक्टर वैद्य सुषेण माहेश्वरी ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त आयुर्वेदिक औषधियां जनसामान्य तक पहुंचाना तथा आयुर्वेद का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और विश्वास ही उनकी संस्था की सबसे बड़ी पहचान है।
स्थानीय वितरक श्रीराम मेडिकल एजेंसी बिलासपुर के संचालक नरेंद्र शर्मा ने भी सम्मेलन को संबोधित करते हुए आयुर्वेद की प्रासंगिकता और समाज में इसकी बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ती बीमारियों के बीच आयुर्वेद एक सुरक्षित, प्रभावी और भारतीय परंपरा से जुड़ी चिकित्सा पद्धति के रूप में तेजी से लोगों का विश्वास जीत रहा है।
सम्मेलन में आयुष चिकित्सक डॉ. रश्मि राज जीतपुरे, डॉ. अंकित शर्मा, डॉ. संजय वैष्णव, डॉ. अश्विनी आर्य, डॉ. राम गोपाल साहू, डॉ. प्रदीप कश्यप, डॉ. बंशीधर नायक सहित प्रदेशभर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों एवं वैद्यों ने भाग लिया। इसके अलावा रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरबा सहित विभिन्न जिलों से आए वितरकों एवं जमना फार्मास्यूटिकल्स समूह के विक्रय अधिकारियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन डिप्टी मार्केटिंग मैनेजर अनिल ढोके ने अपनी प्रभावशाली एवं ऊर्जावान शैली में किया, जबकि आभार प्रदर्शन एसएसओ नेत्र नंदन साहू द्वारा छत्तीसगढ़ी भाषा में किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का विशेष रूप से मन मोह लिया।
सम्मेलन का समापन “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ। यह आयोजन आयुर्वेद चिकित्सा के प्रचार-प्रसार, जनजागरण और समाज को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


