कोरबा में गूंजा नशामुक्ति का संदेश: कृष्णा हुंडई में “जागो अभियान” ने जगाई सामाजिक चेतना



प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रेरक झांकियों और संदेशों ने युवाओं को किया जागरूक
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//कोरबा,22 मई 2026
समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करने और युवाओं को सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से कृष्णा हुंडई कोरबा परिसर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा “नशा मुक्ति अभियान” एवं “जागो अभियान” के अंतर्गत भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रस्तुत प्रेरणादायक झांकियों, वीडियो संदेशों और आध्यात्मिक विचारों ने उपस्थित लोगों को गहराई से प्रभावित किया।
प्रातः आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शोरूम स्टॉफ, ग्राहकगण, युवा वर्ग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सामाजिक चेतना से ओतप्रोत जागरूकता झांकियां रहीं, जिनके माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, पारिवारिक विघटन, नैतिक पतन तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को प्रेरणादायक वीडियो दिखाए गए, जिनमें बताया गया कि किस प्रकार नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज को प्रभावित करता है। साथ ही योग, आध्यात्मिकता एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से स्वस्थ और सफल जीवन की राह अपनाने का संदेश भी दिया गया।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाने के लिए जागरूकता सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक शक्ति, आत्मविश्वास और संस्कारयुक्त जीवनशैली ही समाज को नई दिशा दे सकती है।
इस अवसर पर कृष्णा ग्रुप के चेयरमेन श्री अशोक कुमार मोदी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने कार्यक्रम में प्रदर्शित झांकियों की विस्तृत जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों को उनके सामाजिक और मानवीय संदेशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इन झांकियों का उद्देश्य केवल संदेश देना नहीं, बल्कि लोगों के भीतर आत्मचिंतन और जागरूकता उत्पन्न करना है।
श्री अशोक कुमार मोदी ने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने जीवन को मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं, इसलिए उनका सही दिशा में आगे बढ़ना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण सामाजिक जागरूकता, आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक संदेशों से सराबोर नजर आया। उपस्थित लोगों ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नई चेतना जागृत करने के साथ-साथ युवाओं को सही मार्ग दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह जागरूकता कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त, संस्कारित और सकारात्मक बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल बनकर सामने आया।


