August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

साकेत भवन में महापौर का सख्त एक्शन: गंदगी, अव्यवस्था और लापरवाही पर जताई नाराजगी, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

1 min read

 

 

महापौर संजू देवी राजपूत ने निगम कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारियों पर शो-कॉज नोटिस के निर्देश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा,27 मई 2026
नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अचानक विभिन्न विभागों एवं शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने कार्यालयों की स्वच्छता, दस्तावेजों के रख-रखाव, कर्मचारियों की उपस्थिति, आम नागरिकों की सुविधाओं तथा विभागीय व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और कई स्थानों पर अव्यवस्था एवं लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती राजपूत ने साफ शब्दों में कहा कि नगर निगम शहर की व्यवस्था और स्वच्छता का जिम्मेदार संस्थान है, ऐसे में निगम कार्यालय स्वयं अनुशासन, स्वच्छता और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली का उदाहरण बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में फैली अव्यवस्था और दस्तावेजों का बिखराव कार्य संस्कृति को प्रभावित करता है और इससे आम नागरिकों को भी परेशानी होती है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण शाखा, स्थापना शाखा, लेखा शाखा, राजस्व विभाग, योजना शाखा, भवन निर्माण विभाग, संपदा शाखा, सम्पत्तिकर शाखा, स्वच्छता शाखा, जलकर विभाग, स्टेशनरी शाखा, जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग, कैश शाखा, विधि विभाग, जनसंपर्क शाखा, स्टोर शाखा, उद्यान विभाग, विद्युत विभाग, डाटा सेंटर, परिषद शाखा सहित अपर आयुक्त, उपायुक्त एवं अधीक्षण अभियंता कक्षों का सघन निरीक्षण किया।

 

 

निरीक्षण के दौरान कई विभागों में फर्नीचर एवं मूलभूत सुविधाओं की कमी सामने आने पर महापौर ने आवश्यकतानुसार टेबल, कुर्सी, अलमारी तथा अन्य जरूरी फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गर्मी को देखते हुए विभिन्न शाखाओं में कूलर एवं बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया ताकि अधिकारी-कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।
महापौर श्रीमती राजपूत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिस स्थान पर वे प्रतिदिन बैठकर कार्य करते हैं, वहां की स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि फाइलों, नस्तियों और दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण न केवल कार्य को आसान बनाता है, बल्कि जरूरत पड़ने पर आवश्यक दस्तावेज तुरंत उपलब्ध कराने में भी मदद करता है।
निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए अधिकारी-कर्मचारियों पर भी महापौर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आम नागरिकों की सुविधा पर विशेष जोर
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने निरीक्षण के दौरान आम नागरिकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक अपने विभिन्न कार्यों एवं समस्याओं को लेकर निगम कार्यालय पहुंचते हैं, इसलिए संबंधित विभागों में उनके बैठने की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। महापौर ने कहा कि नगर निगम केवल प्रशासनिक संस्था नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है और यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक अनुभव मिलना चाहिए।
महापौर के इस सख्त लेकिन जनहितकारी निरीक्षण से निगम प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई है। निरीक्षण के बाद विभिन्न शाखाओं में साफ-सफाई, दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद भी तेज हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.