August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

वनांचल में घंटों छाया अंधेरा, बिजली कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर बहाल की सप्लाई

1 min read

 

 

अजगरबहार 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से ठप हुई बिजली, भीषण गर्मी के बीच दिनभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। भीषण गर्मी और उमस के बीच कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जब दर्री जोन अंतर्गत अजगरबहार 33 केवी विद्युत लाइन पर विशाल पेड़ गिरने से पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अचानक बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तपती गर्मी में लोग घंटों अंधेरे और उमस से जूझते रहे। हालांकि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने दिनभर कड़ी मशक्कत करते हुए आखिरकार विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार तेज हवाओं और मौसम के प्रभाव के चलते अजगरबहार 33 केवी लाइन पर पेड़ गिर गया था। पेड़ गिरते ही विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गए और पूरे वनांचल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद कई गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीषण गर्मी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया था। पेयजल व्यवस्था से लेकर रोजमर्रा के कामकाज तक प्रभावित हो गए।

 

 

सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दुर्गम वनांचल क्षेत्र और जोखिम भरे हालात के बावजूद कर्मचारियों ने बिना रुके घंटों तक मरम्मत कार्य किया। तेज गर्मी, उमस और कठिन परिस्थितियों के बीच कर्मचारियों ने पेड़ हटाने, क्षतिग्रस्त तारों को सुधारने और लाइन को पुनः चालू करने का काम युद्धस्तर पर किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बिजली कर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य किया। कई स्थानों पर दलदल और घने जंगल जैसी परिस्थितियों में भी कर्मचारियों ने हार नहीं मानी और लगातार लाइन सुधार कार्य में जुटे रहे। देर शाम विद्युत आपूर्ति बहाल होते ही ग्रामीणों ने राहत महसूस की।
इस पूरी कार्रवाई में दर्री जोन के जूनियर इंजीनियर वी.पी. सिंह कंवर की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उनके नेतृत्व में प्रवीण सिंह पोर्ते, लाइनमैन लक्ष्मी नारायण यादव, एफओसी स्टाफ रामचंद्र, मदन, इंद्रपाल, योगेश कंवर, राजेंद्र कंवर और अशोक ने लगातार मेहनत कर बिजली व्यवस्था को सामान्य किया।
वहीं भारतीय जनता पार्टी गढ़उपरोड़ा मंडल के मीडिया प्रभारी कृष्णादास महंत ने भी मौके पर पहुंचकर सहयोग किया और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग की टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में कर्मचारियों ने जिस समर्पण से काम किया, वह प्रशंसनीय है।
भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली आपूर्ति बहाल होना वनांचल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए विद्युत लाइनों के आसपास खतरनाक पेड़ों की समय रहते कटाई और नियमित निगरानी की जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.