August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

पेट्रोलियम डीजल चोरी का बड़ा खुलासा : राष्ट्रीय गिरोह पर पुलिस का शिकंजा

1 min read

 

 

ढाबे को बनाया था तेल चोरी का अड्डा, 950 लीटर डीजल, 2 टैंकर और स्कॉर्पियो जब्त, दो गिरफ्तार
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// सूरजपुर। जिले में चल रहे डीजल चोरी के संगठित खेल का बड़ा खुलासा करते हुए प्रतापपुर पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। भारतीय पेट्रोलियम कंपनी के टैंकरों से लाखों रुपए का डीजल चोरी कर अवैध कारोबार चलाने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालक और एक टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लगभग 950 लीटर डीजल, दो विशाल टैंकर, एक स्कॉर्पियो वाहन और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण जब्त किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी चालक फरार है जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में अवैध कारोबार, तस्करी और चोरी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 22 मई 2026 की रात थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से बेहद महत्वपूर्ण सूचना मिली कि ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में बड़े पैमाने पर डीजल चोरी की जा रही है।

 

 

सूचना में बताया गया कि ढाबा संचालक रविकांत यादव अपनी स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक यूपी 67 एएम 9993 के साथ ढाबे में मौजूद है और उसके संरक्षण में दो बड़े टैंकरों से चोरी-छिपे डीजल निकाला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और मौके पर पहुंचकर पूरे गिरोह का खेल उजागर कर दिया।
जांच में सामने आया कि टैंकर क्रमांक डब्ल्यूबी 78-5226 और एनएल 06 ए 9129 मुगलसराय से करीब 24-24 हजार लीटर डीजल लेकर उड़ीसा की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में ढाबा संचालक और टैंकर चालकों की मिलीभगत से टैंकरों के ऑयल टैंक में छेड़छाड़ कर चोरी की जा रही थी। गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से टैंक काटकर डीजल निकालता और फिर उसे अलग-अलग ड्रमों एवं जरीकेनों में भरकर बेचने की तैयारी करता था।
पुलिस जब अन्नपूर्णा ढाबा पहुंची तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। ढाबे के पीछे बने कमरे से 200-200 लीटर क्षमता वाले ड्रम, प्लास्टिक जरीकेन और अन्य कंटेनरों में भरा कुल 950 लीटर डीजल बरामद किया गया। बरामद डीजल की कीमत लगभग 93 हजार 100 रुपये बताई जा रही है।
इतना ही नहीं, मौके से लोहे की छड़, प्लास्टिक पाइप, डीजल नापने के उपकरण, कंटेनर में फिट किए जाने वाले लोहे के कम्पाट, कटिंग मशीन सहित चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों टैंकर और स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव और टैंकर चालक सलीम रहमान खान को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरा आरोपी चालक सलमान मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
प्रतापपुर पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 151/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(3), 316(5) और 3(5) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह कोई साधारण चोरी नहीं बल्कि लंबे समय से संचालित संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसमें कई और लोग शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्गों और ढाबों के आसपास लंबे समय से टैंकरों से डीजल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में सक्रिय होकर पेट्रोलियम कंपनियों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा रहा था।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का यह डीजल कहां खपाया जाता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.