August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सर्वमंगला पुल सड़क को मिलेगी नई पहचान : 82 लाख की लागत से शुरू हुआ डामरीकरण और चौड़ीकरण कार्य

1 min read

 

 

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने नारियल फोड़कर कराया शुभारंभ, कहा – धूल और जर्जर सड़क से जल्द मिलेगी राहत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  कोरबा। लंबे समय से खराब सड़क, उड़ती धूल और जाम की समस्या से जूझ रहे सर्वमंगला पुल मार्ग के दिन अब बदलने वाले हैं। नगर निगम कोरबा द्वारा बहुप्रतीक्षित सर्वमंगला पुल सड़क एवं एप्रोच रोड के डामरीकरण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्य की शुरुआत कराई। उद्योग मंत्री ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर निगम कोरबा द्वारा जिला खनिज न्यास मद से लगभग 82 लाख रुपये की लागत से यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना तैयार की जा रही है। इस परियोजना के तहत सर्वमंगला पुल सड़क और उससे जुड़े एप्रोच मार्ग का डामरीकरण, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा शहर की सड़कों के उन्नयन को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि वैश्विक परिस्थितियों और ईरान-इजराइल युद्ध के चलते डामर की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसके कारण कई सड़क परियोजनाओं का कार्य बाधित हुआ। बावजूद इसके लगातार प्रयास कर सर्वमंगला पुल सड़क के डामरीकरण का कार्य शुरू कराया गया है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि सड़क बनने के बाद इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। साथ ही लंबे समय से लोगों को परेशान कर रही धूल और खराब सड़क की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोरबा शहर की अन्य प्रमुख सड़कों के डामरीकरण और मजबूतीकरण के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा प्रशासनिक स्तर पर तेजी से कार्यवाही जारी है।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सर्वमंगला पुल सड़क का निर्माण पूरा होने से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में पार्षद चन्द्रलोक सिंह, ईश्वर पटेल, रामाधर पटेल, माधव जायसवाल, पूर्व पार्षद दीपा राठौर, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, योगेश मिश्रा, रामशंकर साहू, हीरू जायसवाल, उत्तम जायसवाल, सुकेश दलाल, मनोज राठौर, अमित सिंह, वैभव शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
वहीं निगम प्रशासन की ओर से जोन कमिश्नर सुनील टाण्डेय, सहायक अभियंता पीयूष सिंह राजपूत, उपअभियंता विनोद गोंड़, अंजय पाण्डेय, दीपक यादव, मनोज सिंह राजपूत और अनिल यादव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
सर्वमंगला पुल सड़क के निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि वर्षों से चली आ रही सड़क की बदहाल स्थिति अब जल्द इतिहास बन जाएगी और शहर को एक बेहतर एवं मजबूत सड़क सुविधा मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.