कोरबा से दिल्ली तक गूंजेगी जनजातीय हुंकार, लाल किला रैली के लिए 335 समाजजन रवाना



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों की आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोरबा जिले से जनजातीय समाज के लोगों का विशाल दल दिल्ली के लिए रवाना हो गया। जन जाति सुरक्षा मंच कोरबा के नेतृत्व में 24 मई 2026 को लाल किला, दिल्ली में आयोजित होने वाली “जन जाति हुंकार रैली एवं सांस्कृतिक समागम” में शामिल होने के लिए जिले से लगभग 335 लोग अपने स्वयं के खर्च पर दिल्ली जा रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद समाजजनों का उत्साह और समर्पण देखते ही बन रहा है।
शनिवार सुबह तड़के 5 बजे गोंडवाना एक्सप्रेस से पहला दल तथा उछलापुर एक्सप्रेस से दूसरा दल दिल्ली के लिए रवाना हुआ। रेलवे स्टेशन पर समाज के लोगों ने पारंपरिक नारों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच दलों को विदाई दी। बताया गया कि दोनों दल रविवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगे और सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे।
लाल किला मैदान में आयोजित होने जा रहे इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को जनजातीय समाज के लिए ऐतिहासिक बताया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता Ganesh Ram Bhagat करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah शामिल होंगे। आयोजन में देशभर से करीब 5 लाख लोगों की सहभागिता की संभावना जताई जा रही है।

जन जाति सुरक्षा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा का राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने कहा कि कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से समाजजन भारी संख्या में दिल्ली पहुंच रहे हैं, जिससे जनजातीय एकता और सामाजिक चेतना का मजबूत संदेश देशभर में जाएगा।
समाज के लोगों ने कहा कि वर्षों से जनजातीय समाज अपनी पहचान, परंपरा और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है और अब यह आवाज दिल्ली के लाल किले तक पहुंचेगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सामाजिक विमर्श और जनजातीय हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी की जाएगी।
कोरबा से रवाना हुए समाजजनों में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों का विशेष उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा और जनजातीय गौरव के नारों के साथ रवाना हुए दलों ने यह संदेश दिया कि जनजातीय समाज अब अपने अधिकारों और अस्तित्व की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने के लिए तैयार है।


