August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“बस्तर में विकास की गूंज से घबराई कांग्रेस” — केदार कश्यप का तीखा हमला

1 min read

 

वनमंत्री बोले — कांग्रेस शासन में भय, भ्रष्टाचार और नक्सलवाद बढ़ा, भाजपा सरकार ने बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  रायपुर। कांग्रेस की पत्रकार वार्ता पर पलटवार करते हुए प्रदेश के वन मंत्री एवं बस्तर के वरिष्ठ भाजपा नेता श्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस के बयान को तथ्यहीन, भ्रामक और राजनीतिक बौखलाहट का प्रतीक बताते हुए कहा कि बस्तर में तेजी से बदलती तस्वीर और खत्म होते नक्सलवाद को देखकर कांग्रेस घबराई हुई है।
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जिन नेताओं के शासनकाल में बस्तर भय, हिंसा और भ्रष्टाचार का केंद्र बना रहा, वही आज झूठ का पुलिंदा लेकर जनता को गुमराह करने निकले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर में विकास और विश्वास का नया दौर शुरू हुआ है। गांव-गांव सड़क, बिजली, राशन, मोबाइल नेटवर्क, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था पहुंच रही है, जिससे कांग्रेस की जमीन खिसकती नजर आ रही है।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आज कांग्रेस जिस नक्सल उन्मूलन का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, उसी कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलियों का मनोबल बढ़ा, जवानों पर लगातार हमले हुए और विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े रहे। कांग्रेस सरकार ने बस्तर को विकास से जोड़ने के बजाय उसे राजनीतिक प्रयोगशाला बनाकर रखा।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को आदिवासियों की चिंता नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की चिंता है। जो लोग वर्षों तक आदिवासियों को गरीबी, भय और नक्सलवाद के बीच छोड़कर सत्ता का सुख लेते रहे, वे आज आदिवासी हितों की बात कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस बताए कि उसके शासनकाल में बस्तर से पलायन क्यों बढ़ा? युवाओं को रोजगार और शिक्षा से क्यों वंचित रखा गया? आखिर बस्तर को विकास की मुख्यधारा से दूर क्यों रखा गया?
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उन इलाकों तक विकास पहुंचाया जहां कभी तिरंगा फहराना भी चुनौती माना जाता था। आज उन्हीं क्षेत्रों में स्कूल, सड़क, स्वास्थ्य केंद्र, मोबाइल टॉवर और सुरक्षा कैंप स्थापित हो रहे हैं। यह बदलाव भाजपा सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति और निर्णायक नीति का परिणाम है।
केदार कश्यप ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बस्तर के लिए तैयार किया गया विजन आने वाले समय में आदिवासी अर्थव्यवस्था को नई ताकत देगा। सरकार गांवों में स्वरोजगार बढ़ाने, डेयरी नेटवर्क विकसित करने और आदिवासी परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हर योजना में घोटाला दिखाई देता है क्योंकि उसकी राजनीति ही भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर आधारित रही है।
वनमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता अब अपने पांच साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएं। जनता पूछ रही है कि कांग्रेस शासनकाल में बस्तर को क्या मिला? शराब घोटाला, कोयला घोटाला, गोठान घोटाला और भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड। कांग्रेस के समय विकास कम और कमीशनखोरी ज्यादा हुई।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आज बस्तर में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। बस्तर की जनता अब झूठ और भ्रम की राजनीति को पहचान चुकी है। बस्तर अब बंदूक नहीं, विकास चाहता है। भय नहीं, भविष्य चाहता है। और यही कारण है कि पूरा बस्तर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व पर भरोसा जता रहा है।
अंत में केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस का दुष्प्रचार, भ्रम और राजनीतिक प्रलाप अब बस्तर में चलने वाला नहीं है। जनता विकास के साथ खड़ी है और भाजपा सरकार बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.