ग्रामीण प्रतिभाओं को मिली नई उड़ान : कुदमुरा में भव्य कैरियर मार्गदर्शन सेमिनार आयोजित



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कुदमुरा। वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की सही दिशा देने के उद्देश्य से राठिया कंवर विकास समिति कोरबा के तत्वावधान में कुदमुरा में एक भव्य कैरियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन किया गया। इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कैरियर अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। सेमिनार में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, पालकगण, शिक्षक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच श्रीमती रचना महेश राठिया, ग्राम पटेल श्री दुर्गा प्रसाद राठिया एवं SMDC अध्यक्ष श्री नीरज मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं समिति के वरिष्ठजनों सर्वश्री दुबराज राठिया, रामलाल राठिया, मनमोहन सिंह राठिया, करम सिंह राठिया, यादन सिंह राठिया, सागर सिंह राठिया एवं दुबराज सिंह कंवर ने विशेष मार्गदर्शक की भूमिका निभाई।
सेमिनार में विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुसार विषय चयन करने के लिए प्रेरित किया गया। श्री रामलाल राठिया ने विद्यार्थियों को कला, विज्ञान, वाणिज्य एवं कृषि संकाय के महत्व की जानकारी देते हुए आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक जैसे तकनीकी पाठ्यक्रमों के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने के अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सही समय पर सही निर्णय विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देता है।

कृषि क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं पर चर्चा करते हुए श्री सागर सिंह राठिया ने PAT परीक्षा एवं कृषि शिक्षा के माध्यम से आधुनिक कृषि, रिसर्च एवं एग्रीकल्चर सेक्टर में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। वहीं श्री दुबराज सिंह राठिया ने विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया। उन्होंने NEET परीक्षा के माध्यम से MBBS, BDS, BAMS, BHMS, नर्सिंग, वेटरनरी तथा पैरामेडिकल कोर्स जैसे BPT, BMLT एवं रेडियोलॉजी की उपयोगिता समझाई।
उन्होंने PCM वर्ग के विद्यार्थियों को JEE Main एवं Advanced के माध्यम से IIT और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा साइंस, सिविल, मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में कैरियर निर्माण की जानकारी दी। साथ ही डिफेंस सर्विस, मर्चेंट नेवी एवं कमर्शियल पायलट जैसे आकर्षक क्षेत्रों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
कला संकाय के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री करम सिंह राठिया ने शिक्षक, व्याख्याता, प्रोफेसर एवं प्रशासनिक सेवाओं में कैरियर की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने CGPSC एवं UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुशासन एवं निरंतर अध्ययन को आवश्यक बताया। वहीं श्री यादन सिंह राठिया ने कॉमर्स संकाय के विद्यार्थियों को CA, अकाउंटेंसी एवं शिक्षण क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
श्री मनमोहन सिंह राठिया ने SSC एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से विभिन्न शासकीय विभागों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी की नौकरियों के बारे में विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी मेहनत एवं सही मार्गदर्शन से बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच श्रीमती रचना महेश राठिया ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से अपनाने का आह्वान किया। ग्राम प्रमुख श्री दुर्गा प्रसाद राठिया ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कारयुक्त जीवन अपनाने की सीख दी।
भाजपा प्रदेश अजजा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष श्री टिकेश्वर सिंह राठिया ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को नि:शुल्क कैरियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने समिति के प्रयासों को भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम को उपसरपंच श्रीमती मोंगरा यादव, पंच श्रीमती गीता यादव एवं SMDC अध्यक्ष श्री नीरज मिश्रा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य श्रीमती रागिनी रात्रे ने किया। उन्होंने कहा कि यह सेमिनार विद्यार्थियों के जीवन में नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का संचार करेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता श्री दुबराज सिंह कंवर एवं श्री नरेशचंद्र पटेल ने किया।
सेमिनार में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय कुदमुरा, हाईस्कूल चचिया सहित आसपास के अनेक ग्रामों के विद्यार्थी एवं पालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान श्री अनिल राठिया, श्री हिमांचल प्रधान, श्रीमती रुक्मणी राठिया, श्री तुलसी राठिया, श्री कुंजराम राठिया सहित विद्यालय स्टाफ एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।


