May 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“स्वस्थ नारी से ही समृद्ध परिवार और सफल समाज का निर्माण”

 

 

भारत विकास परिषद शक्ति स्वरूपा शाखा एवं प्रांतीय गोरखाली समाज की महिलाओं ने दिया जागरूकता और संस्कारों का प्रेरक संदेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। श्री मुकुटधर पांडेय साहित्य भवन में रविवार 17 मई 2026 को भारत विकास परिषद की शक्ति स्वरूपा शाखा द्वारा प्रांतीय गोरखाली समाज सी.जी. कोरबा की महिलाओं के साथ “स्वस्थ नारी, समृद्ध परिवार, सफल समाज” विषय पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के स्वास्थ्य, पारिवारिक संस्कार, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन में महिलाओं और बच्चियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ शक्ति स्वरूपा शाखा की अध्यक्षा श्रीमती पद्मिनी साहू की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीमती रजनी पांडे, कर अधिवक्ता श्रीमती भारती अरोरा, सहभागिता प्रकल्प से श्रीमती सुषमा दानी, सेवा प्रकल्प से श्रीमती ममता वासन, महिला सहभागिता प्रकल्प से श्रीमती मीना पूरी, संपर्क प्रकल्प से श्रीमती ललिता सिंह एवं अन्य अतिथियों का प्रांतीय गोरखाली समाज की महिलाओं द्वारा पारंपरिक गोरखाली खादा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनी पांडे ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए PCOS, PCOD एवं सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर समस्याओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित जीवनशैली एवं समय पर उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया। उनके व्याख्यान को उपस्थित महिलाओं ने अत्यंत गंभीरता और रुचि के साथ सुना।

 

 

वहीं कर अधिवक्ता श्रीमती भारती अरोरा ने आधुनिक डिजिटल युग में बच्चों को संस्कारवान बनाने की आवश्यकता पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज तकनीक के दौर में माता-पिता की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है तथा बच्चों को नैतिक शिक्षा, अनुशासन और भारतीय संस्कृति से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उनके वक्तव्य ने उपस्थित महिलाओं एवं बच्चियों को गहराई से प्रभावित किया।
कार्यक्रम में लगभग 30 महिलाओं एवं 10 बच्चियों की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे आयोजन को उत्साहपूर्वक सफल बनाया। मंचस्थ अतिथियों के स्वागत-सत्कार एवं आयोजन की व्यवस्थाओं में प्रांतीय गोरखाली समाज की अध्यक्ष श्रीमती शकुन गुरुंग ने विशेष भूमिका निभाई। वहीं महिला सहभागिता संयोजिका श्रीमती मीना पूरी एवं श्रीमती सुषमा दानी ने कार्यक्रम के सफल संचालन और समन्वय में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। कु. मुस्कान एवं शशि थामी द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य तथा श्रीमती माया थापा के मधुर गायन ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान शक्ति स्वरूपा शाखा की अध्यक्षा श्रीमती पद्मिनी साहू ने महिलाओं को समाज निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि “एक स्वस्थ एवं संस्कारवान नारी ही परिवार, समाज और राष्ट्र को सही दिशा प्रदान कर सकती है।” उनके प्रेरणादायी शब्दों ने उपस्थित महिलाओं में नया उत्साह और आत्मविश्वास भर दिया।
अंत में श्रीमती माया थापा द्वारा प्रभावी धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। करीब 50 लोगों की गरिमामयी उपस्थिति ने इस आयोजन को पूर्णतः सफल और यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.