May 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“पहले कांग्रेस अपना जर्जर कुनबा संभाले”, भाजपा का भूपेश बघेल पर तीखा हमला, कहा – अंतर्कलह और गुटबाजी में डूबी है कांग्रेस

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हालिया बयान पर जोरदार पलटवार करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस पहले अपने “जर्जर घर” और बिखरते संगठन को संभाले, उसके बाद भाजपा के संगठनात्मक ढांचे पर टिप्पणी करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज अंतर्कलह, गुटबाजी और अनुशासनहीनता का सबसे बड़ा केंद्र बन चुकी है।
भाजपा प्रवक्ता श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बयान उनकी राजनीतिक हताशा और निराशा को दर्शाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” वाली स्थिति में पहुंच चुकी कांग्रेस अब भाजपा के मजबूत संगठन पर सवाल उठाने की कोशिश कर रही है, जबकि खुद कांग्रेस का संगठन अंदरूनी संघर्ष से जूझ रहा है।
“कांग्रेस में खुलेआम चल रही खींचतान”
श्रीमती पाण्डेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी में कार्यकर्ताओं और नेताओं का लगातार अपमान हो रहा है। मंचों पर नेताओं की खींचतान और अनुशासनहीनता अब सार्वजनिक रूप से सामने आने लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं क्योंकि पार्टी में केवल कुछ खास नेताओं और विवादित चेहरों की ही चलती है।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने प्रदेश में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को बढ़ावा दिया और अब विपक्ष में रहते हुए भी केवल भ्रम और विवाद फैलाने की राजनीति कर रही है।
भाजपा में वरिष्ठ नेताओं का सम्मान सर्वोपरि
भूपेश बघेल द्वारा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का नाम लिए जाने पर पलटवार करते हुए श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि भाजपा एक संगठित परिवार है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के नेतृत्व में संगठन पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रही है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि कांग्रेस जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है और अब अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने के लिए अनर्गल बयानबाजी का सहारा ले रही है।
“भाजपा की चिंता छोड़ कांग्रेस अपनी टूटती कड़ियां जोड़े”
श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि भाजपा का संगठन चट्टान की तरह मजबूत और एकजुट है, जबकि कांग्रेस अंदर से टूट चुकी है। उन्होंने भूपेश बघेल को सलाह देते हुए कहा कि भाजपा की चिंता छोड़कर वे अपनी पार्टी में बढ़ते अविश्वास, गुटबाजी और टूटते संगठन को संभालने पर ध्यान दें।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के कार्यकाल, भ्रष्टाचार और कुशासन को देख चुकी है और अब विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के साथ आगे बढ़ना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.