त्याग, तपस्या और राष्ट्रसेवा की मिसाल थीं राजमाता विजयाराजे सिंधिया, भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने किया नमन
संगठन निर्माण से लेकर जनसेवा तक राजमाता का योगदान अविस्मरणीय, उनके आदर्श आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं जनसंघ की प्रमुख संस्थापक हस्तियों में शामिल राजमाता विजयाराजे सिंधिया का जीवन त्याग, तपस्या, राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। उनकी जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने राजमाता के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्र और समाज की सेवा का आदर्श बना रहेगा।

कर्मवीर सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन के सुदृढ़ीकरण और विस्तार में राजमाता विजयाराजे सिंधिया का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। बस्तर के वनांचल क्षेत्रों से लेकर चुनावी गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों तक उनका मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करता रहा। उन्होंने कहा कि राजमाता ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिस निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य किया, वह प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए अनुकरणीय है।
उन्होंने कहा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए वात्सल्य और प्रेरणा का प्रतीक थीं। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा और संगठन निर्माण के प्रति उनका समर्पण आज भी भाजपा की कार्यसंस्कृति में प्रेरणा देता है। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर समाज एवं राष्ट्र के लिए कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, भाजपा प्रदेश सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी, रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेन्द्र पाटनी सहित पार्टी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने राजमाता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
