August 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

पेट्रोल-डीजल को लेकर भ्रम फैलाने पर भाजपा का भूपेश बघेल पर तीखा हमला, कहा – “कांग्रेस के टूलकिट एजेंडे पर काम कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री”

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  रायपुर। पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने बघेल के बयान को कांग्रेस के “टूलकिट एजेंडे” का हिस्सा बताते हुए कहा कि सत्ता जाने के बाद अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए वे लगातार झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता श्री ठोकने ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। सभी ऑयल डिपो में पर्याप्त भंडारण मौजूद है और सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं द्वारा जनता के बीच भय और असमंजस का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए काल्पनिक संकट खड़ा करने में जुटी हुई है।
“सुशासन की राह में बाधा डालना चाहती है कांग्रेस”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य जनता को भयभीत और उद्वेलित कर प्रदेश में अराजकता का माहौल बनाना है।
श्री ठोकने ने पूर्व मुख्यमंत्री बघेल द्वारा कोरोना काल की तुलना किए जाने पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कांग्रेस सरकार ने संवेदनशील परिस्थितियों में भी राजनीतिक स्वार्थ साधने का काम किया। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में शराब की अवैध बिक्री और राजनीतिक दिखावे को बढ़ावा दिया गया, जबकि केंद्र सरकार लगातार सहायता उपलब्ध करा रही थी।
प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेश दौरों और नीतिगत फैसलों पर की गई टिप्पणी को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया। श्री ठोकने ने कहा कि जब प्रधानमंत्री वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा रहे हैं, तब कांग्रेस के नेता संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों के कारण देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब हार की हताशा में अफवाहों और भ्रम की राजनीति कर रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के पांच वर्षों के कार्यकाल और उसकी राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि प्रदेश की जागरूक जनता अब कांग्रेस के बहकावे में आने वाली नहीं है और भाजपा सरकार जनता के हित में सुशासन के साथ लगातार कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.