सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, महापौर बोलीं – जनसमस्याओं का त्वरित समाधान ही सरकार की असली पहचान



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन परिसर में भव्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं, शिकायतों एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। इस दौरान महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण ही सुशासन की असली पहचान है और प्रदेश सरकार इसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
महापौर श्रीमती राजपूत ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जनता तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी सीधे आमजन से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं तथा मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है।

रविशंकर नगर जोन में लगा चौथा बड़ा शिविर
नगर निगम क्षेत्र में आयोजित यह चौथा सुशासन तिहार शिविर था। इससे पहले कोरबा, टीपी नगर और कोसाबाड़ी जोन में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। रविशंकर नगर जोन कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों और नगर निगम के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ शिकायतों का निराकरण भी किया गया।
महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि जब उन्होंने नगर निगम की जिम्मेदारी संभाली थी, तब शहर के कई वार्डों में मूलभूत समस्याएं थीं, लेकिन उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन और निगम प्रशासन के सहयोग से अब समस्याओं का तेजी से समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “महापौर की पाती” योजना के माध्यम से भी नागरिकों की शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निराकरण किया जा रहा है।
झुग्गी बस्तीवासियों को मिलेगा मालिकाना हक
महापौर ने कहा कि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन का सपना था कि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को उनके घरों का मालिकाना हक मिले और अब यह सपना साकार होने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पात्र परिवारों को पट्टा प्रदान कर स्थायी अधिकार दिलाया जाएगा।
योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का त्वरित समाधान
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा जनकल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं और सुशासन तिहार शिविर इन योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली, साफ-सफाई, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।
वरिष्ठ पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की शिकायतों का तत्काल निराकरण हो सके। वहीं पार्षद श्री अब्दुल रहमान ने इसे राज्य सरकार की जनहितैषी और सराहनीय पहल बताया।
“जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं” – अशोक चावलानी
पूर्व सभापति एवं वरिष्ठ पार्षद श्री अशोक चावलानी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर दिखाती है। उन्होंने कहा कि कोरबा नगर निगम लगातार बेहतर कार्य कर रहा है और शहर की साफ-सफाई तथा विकास कार्य अन्य शहरों की तुलना में बेहतर दिखाई देते हैं।

ई-बाइक से पहुंचे आयुक्त, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय हेलमेट पहनकर ई-बाइक से शिविर स्थल पहुंचे। उन्होंने ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ई-बाइक के उपयोग की अपील की। उनकी इस पहल की जनप्रतिनिधियों और उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
आयुक्त श्री पाण्डेय ने रविशंकर नगर जोन के विकास कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2023 से अब तक 32 करोड़ 32 लाख रुपये के 94 विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें 54 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 27 प्रगतिरत हैं और 13 निविदा प्रक्रिया में हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व वसूली, राशन कार्ड, पेंशन योजनाओं और स्वामित्व योजना से संबंधित उपलब्धियों की भी विस्तृत जानकारी दी।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबियां एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। श्रद्धांजलि योजना के तहत सहायता राशि के चेक वितरित किए गए, वहीं कई हितग्राहियों को राशन कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, व्हीलचेयर, छड़ी और श्रवण यंत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी, पार्षद अब्दुल रहमान, उर्वशी राठौर, धनकुमार गर्ग, नारायण प्रसाद कुर्रे, वर्षा दिनेश वैष्णव, सुनीता चौहान, गोपाल कुर्रे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।


