आवासहीन परिवारों को मिलेगा अपना आशियाना, 15 अगस्त तक चलेगा सर्वे अभियान, पात्र हितग्राहियों को दिए जाएंगे आवासीय पट्टे



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। प्रदेश सरकार द्वारा शहरी क्षेत्रों में वर्षों से निवासरत आवासहीन परिवारों को स्थायी आवास का अधिकार दिलाने की दिशा में बड़ी पहल शुरू की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आवासीय पट्टा वितरण की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। शासन के निर्देशानुसार 15 अगस्त तक व्यापक सर्वे अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार शहर के विभिन्न वार्डों और बस्तियों में वर्षों से निवास कर रहे ऐसे परिवार, जिनके पास स्वयं का वैध आवासीय पट्टा नहीं है, उन्हें चिन्हित कर शासन की योजना का लाभ दिलाया जाएगा। इसके लिए निगम द्वारा विशेष सर्वे दल गठित किए गए हैं, जो घर-घर पहुंचकर आवश्यक जानकारी और दस्तावेज एकत्रित करेंगे।
जरूरतमंदों को मिलेगा अधिकार और सम्मान
शासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऐसे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवासीय अधिकार प्रदान करना है, जो लंबे समय से जमीन पर निवास तो कर रहे हैं, लेकिन उनके पास वैधानिक स्वामित्व नहीं है। आवासीय पट्टा मिलने के बाद हितग्राहियों को कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी।
नगर पालिक निगम कोरबा ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपादित की जाएगी। पात्रता के आधार पर ही सूची तैयार होगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
15 अगस्त तक पूरा होगा सर्वे कार्य
शासन द्वारा तय समयसीमा के अनुसार 15 अगस्त तक सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद पात्र हितग्राहियों की अंतिम सूची तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन का कहना है कि सर्वे के दौरान नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि सर्वे दल को सही जानकारी और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस पहल को लेकर शहर के आवासहीन और गरीब परिवारों में उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि वर्षों से अपने आशियाने के अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों का सपना अब जल्द पूरा होगा।


