भाजपा संगठन में नई जिम्मेदारी: चुलेश्वर राठौर बने जवाली मंडल प्रभारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए भाजपा जवाली मंडल के लिए प्रभारी एवं सह प्रभारियों की घोषणा की है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव एवं प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय की सहमति से जारी सूची में किसान नेता एवं भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष चुलेश्वर राठौर को भाजपा जवाली मंडल का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति बिलासपुर संभाग संगठन प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, जिला प्रभारी अनिल केशरवानी एवं सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला के अनुमोदन तथा भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा पर की गई है।
हरदीबाजार निवासी चुलेश्वर राठौर लंबे समय से भाजपा संगठन एवं किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं से मजबूत जुड़ाव और क्षेत्र में उनकी सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्री राठौर को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जवाली मंडल में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा पार्टी की गतिविधियां और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित होंगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुलेश्वर राठौर की संगठन क्षमता और जमीनी पकड़ का लाभ निश्चित रूप से पार्टी को आगामी समय में मिलेगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा संगठन लगातार अनुभवी एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां देकर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में जुटा हुआ है। चुलेश्वर राठौर की नियुक्ति भी इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिससे जवाली मंडल में भाजपा को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


