पेपर लीक कांड पर भाजयुमो का कांग्रेस पर तीखा प्रहार, कहा – “छात्रों के भविष्य की सौदेबाजी कर रही कांग्रेस”



एनएसयूआई नेता की गिरफ्तारी के बाद गरमाई सियासत, राहुल टिकरिहा बोले – “कांग्रेस का असली चेहरा फिर हुआ बेनकाब”
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// रायपुर। 12वीं बोर्ड हिंदी प्रश्नपत्र लीक मामले में एनएसयूआई नेता वेणु उर्फ वेणु जंघेल की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने इस मामले को लेकर कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस और उससे जुड़े संगठन लगातार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि यह गिरफ्तारी केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि कांग्रेस की छात्र राजनीति के काले चेहरे का खुला पर्दाफाश है।
श्री टिकरिहा ने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा कि जिस संगठन को छात्रों के अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था की रक्षा करनी चाहिए, उसी संगठन का नेता पैसों के बदले प्रश्नपत्र बेचते पकड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए छात्र हित कभी प्राथमिकता रहे ही नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत और सपनों को राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में पीएससी भर्ती घोटाले से लेकर विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं ने युवाओं का भविष्य बर्बाद किया और अब विपक्ष में रहते हुए भी कांग्रेस से जुड़े लोग शिक्षा व्यवस्था को कलंकित करने में लगे हुए हैं।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव के पुराने बयान “बड़ा नेता बनना है तो जेल जाओ” पर भी तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या अब कांग्रेस में अपराध करना ही नेतृत्व की पहली योग्यता बन चुकी है? उन्होंने कहा कि एनएसयूआई नेता की गिरफ्तारी ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस संगठन के भीतर अपराध और संरक्षण की राजनीति चरम पर है।
श्री टिकरिहा ने दावा किया कि आरोपी की तस्वीरें कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के साथ सार्वजनिक रूप से सामने आ रही हैं, जिससे यह संदेह और गहरा हो गया है कि पूरे मामले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल पेपर लीक का मामला नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में संगठित भ्रष्टाचार का हिस्सा है, जिसमें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोगों की भूमिका की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में आरोपी द्वारा साक्ष्य मिटाने की कोशिश इस बात का संकेत है कि मामला बेहद गंभीर है और इसकी जड़ें गहरी हैं। भाजयुमो ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे सिंडीकेट की निष्पक्ष और गहन जांच कर सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाए, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों।
राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस पर युवाओं को लगातार धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले बेरोजगारी भत्ते के नाम पर भ्रम फैलाया गया और अब मेहनती छात्रों के भविष्य को प्रश्नपत्र लीक कर बाजार में बेचा जा रहा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “एनएसयूआई अब छात्र संगठन नहीं, बल्कि ‘नकल कराओ और उगाही करो’ गैंग बनकर रह गया है।”
भाजयुमो ने चेतावनी दी कि प्रदेश के लाखों छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि मामले में बड़े नाम सामने आते हैं तो युवा मोर्चा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगा।


