मातृ दिवस पर सेवा और संवेदना का अनूठा संगम: जिला अस्पताल पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा की टीम, मरीजों को बांटे फल, मातृ शक्ति को किया नमन



“मां ममता, त्याग और संस्कार की सबसे बड़ी शक्ति” — प्रीति स्वर्णकार
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोरबा। अंतरराष्ट्रीय मदर्स डे के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला कोरबा द्वारा सेवा, संवेदना और मातृ सम्मान को समर्पित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल कोरबा में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच फल वितरण कर मातृ शक्ति को नमन किया गया।
मदर्स डे के इस विशेष अवसर पर महिला मोर्चा की पदाधिकारी अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचीं और मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में मौजूद महिलाओं, बुजुर्ग माताओं एवं परिजनों से आत्मीय संवाद कर उन्हें मातृ दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में सेवा, अपनत्व और मानवीय संवेदनाओं का भावनात्मक वातावरण देखने को मिला। मरीजों के चेहरों पर मुस्कान और कार्यकर्ताओं के सेवा

भाव ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
मां परिवार ही नहीं, पूरे समाज की प्रेरणा हैं — गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने मदर्स डे पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला नहीं होती, बल्कि वह समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी प्रेरणा होती हैं। मां का त्याग, स्नेह और संस्कार हर व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृ शक्ति को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। मां के आशीर्वाद से हर कठिनाई सरल हो जाती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मातृ दिवस हमें अपनी मां के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।

“मां प्रेम, समर्पण और शक्ति का दूसरा नाम” — प्रीति स्वर्णकार
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने मदर्स डे पर अपना संदेश देते हुए कहा कि मां केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि त्याग, समर्पण, करुणा और अथाह प्रेम की जीवंत प्रतिमूर्ति होती हैं। मां अपने परिवार के लिए हर कठिनाई सहकर भी हमेशा मुस्कुराती रहती है।
उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति का सम्मान करना भारतीय संस्कृति की पहचान है। मदर्स डे हमें यह संदेश देता है कि हम अपनी मां के प्रति सम्मान और सेवा भाव को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि जीवनभर उनके त्याग और प्रेम का आदर करें।
प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा सदैव समाज सेवा और मानवता के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहा है। जिला अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच पहुंचकर सेवा करना महिला मोर्चा के लिए सौभाग्य की बात है। आने वाले समय में भी महिला मोर्चा जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री स्वाति कश्यप, अनुसुईया राठौर, जिला मंत्री चंचला राठौर, हेमा शर्मा, कार्यालय प्रभारी गायत्री श्रीवास, कार्यालय सह प्रभारी केया सेनगुप्ता, मंडल अध्यक्ष सरिता महंत, राधिका श्रीवास सहित महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
मदर्स डे पर आयोजित यह सेवा कार्यक्रम समाज के प्रति भाजपा महिला मोर्चा की संवेदनशील सोच, सेवा भावना और मातृ शक्ति के सम्मान का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।


