पसरखेत में बन रहा बच्चों के सपनों का आंगनबाड़ी भवन, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने किया औचक निरीक्षण



गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर, अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोरबा जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पसरखेत में बाला मॉडल के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर और सुरक्षित शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण स्थल पर उपयोग की जा रही सामग्री, भवन की संरचना तथा कार्य की गति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने जनपद पंचायत कोरबा के सीईओ खगेश निर्मलकर को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक चरण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी भवन बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा और विकास का महत्वपूर्ण केंद्र होता है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि बाला मॉडल के सभी मानकों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जोर देते हुए कहा कि भवन का डिजाइन ऐसा हो जिससे बच्चे खेल-खेल में सीख सकें और उनका मानसिक व रचनात्मक विकास बेहतर ढंग से हो।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के एसडीओ, उप अभियंता, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किया जाएगा।
गौरतलब है कि बाला मॉडल एक बाल-केंद्रित शिक्षण अवधारणा है, जिसमें भवन और परिसर को ही सीखने का माध्यम बनाया जाता है। इस मॉडल के अंतर्गत रंग, चित्र, आकार, खेल गतिविधियाँ और स्थानीय परिवेश से जुड़े शिक्षण माध्यमों का उपयोग कर ऐसा वातावरण तैयार किया जाता है, जिससे बच्चे सहज और आनंददायक तरीके से शिक्षा ग्रहण कर सकें।


