प्रगतिरत विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं – मंत्री लखनलाल देवांगन



दर्री और सर्वमंगला जोन की समीक्षा बैठक में उद्योग मंत्री का सख्त संदेश
अधूरे और बंद पड़े कार्यों पर जताई नाराजगी, निर्माण एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने तक की चेतावनी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोरबा नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री एवं सर्वमंगला जोन में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को दोटूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए तथा जो कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हो सके हैं, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए।
नगर निगम के पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में महापौर संजूदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में वार्डवार विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जो निर्माण एजेंसियां कार्य प्रारंभ करने में देरी कर रही हैं अथवा कार्य शुरू कर बीच में बंद कर देती हैं, उनके विरुद्ध तत्काल नोटिस जारी किया जाए। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर अमानत राशि राजसात कर संबंधित एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा और प्रत्येक निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप होना चाहिए।

बैठक में जिला खनिज न्यास मद, अधोसंरचना मद, वित्त आयोग मद, मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मद, प्रभारी मंत्री मद, विधायक निधि, सीएसआर मद, महापौर निधि, पार्षद निधि तथा निगम मद सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान सीसी रोड निर्माण, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, सार्वजनिक शेड एवं मंच, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी, किचन शेड, बाउंड्रीवाल, शौचालय निर्माण, उप स्वास्थ्य केंद्र उन्नयन, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, सांस्कृतिक मंच, चबूतरा, कलवर्ट, मुक्तिधाम विकास, घाट पचरी निर्माण, तालाब गहरीकरण, कांजी हाउस जीर्णोद्धार, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, विद्युत विस्तार तथा स्ट्रीट लाइट से जुड़े कार्यों की प्रगति का विस्तारपूर्वक परीक्षण किया गया।
उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में नागरिक सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो तथा लोगों को मूलभूत आवश्यकताओं के लिए परेशान न होना पड़े।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने भी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि समीक्षा बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता और प्राथमिकता के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति बढ़ाने के साथ-साथ आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। प्राप्त शिकायतों का समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित कर जनता का विश्वास कायम रखा जाए।
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, दर्री जोन कमिश्नर लीलाधर पटेल, सर्वमंगला नगर जोन कमिश्नर सुनील टांडे, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित बड़ी संख्या में पार्षद, अभियंता एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य फोकस निगम क्षेत्र में अधूरे विकास कार्यों को गति देना, नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना रहा। मंत्री श्री देवांगन के सख्त तेवरों के बाद अब निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।


