May 9, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“जनता और प्रशासन के बीच सबसे मजबूत सेतु है प्रेस” — कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने रखी विकास की बड़ी रूपरेखा

 

“प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम में कलेक्टर ने गिनाईं प्राथमिकताएं, सड़क, स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन और पेयजल व्यवस्था को लेकर किए बड़े ऐलान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोरबा। प्रेस क्लब कोरबा के प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम में जिले के कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पत्रकारों से खुलकर संवाद किया और जिले के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बेहद गंभीरता और धैर्यपूर्वक पत्रकारों के सवाल सुने तथा हर मुद्दे पर सिलसिलेवार और स्पष्ट जवाब देकर प्रशासन की कार्यशैली और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की।
अपने संबोधन में कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि कोरबा एक संभावनाओं से भरा जिला है, जहां प्राकृतिक संसाधनों, पर्यटन स्थलों और विकास योजनाओं का बेहतर समन्वय कर नई पहचान बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जिले की जमीनी परिस्थितियों, विकास कार्यों और मूलभूत समस्याओं का गहन अध्ययन किया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने में प्रेस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार ही समाज और प्रशासन के बीच ऐसा सशक्त सेतु हैं, जो जनसमस्याओं को रचनात्मक सोच के साथ प्रशासन तक पहुंचाते हैं तथा प्रशासन की योजनाओं और कार्यों को जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाते हैं।
सड़क, बिजली और भवनों के सुधार पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने कहा कि जिले में सड़कों का नेटवर्क तो व्यापक है, लेकिन कई मार्गों की स्थिति सुधारने की आवश्यकता है। सड़क मरम्मत और बेहतर यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भूमिगत विद्युत तार बिछाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि जिले के कई शासकीय भवन जर्जर स्थिति में हैं, जिनका नवीनीकरण और नए भवनों का निर्माण आवश्यक है। प्रशासन इस दिशा में ठोस कदम उठाने जा रहा है।
पर्यटन स्थलों को मिलेगा नया स्वरूप
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि कोरबा जिला पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। मड़वारानी, सतरेंगा, बुका और चैतुरगढ़ जैसे प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थलों को विकसित करने की व्यापक योजना तैयार की जा रही है। मड़वारानी में सुरक्षा रेलिंग लगाने सहित पर्यटक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
खेल सुविधाओं का होगा विस्तार
युवा प्रतिभाओं को मंच देने के लिए खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की बात कहते हुए कलेक्टर ने बताया कि इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां उच्च गुणवत्ता वाला हॉकी मैदान, बास्केटबॉल कोर्ट सहित अन्य खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा शासकीय कॉलेज के खेल मैदान को भी उन्नत बनाने की योजना है।
स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा विस्तार
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी कलेक्टर ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि जिले में नए स्वास्थ्य भवन निर्माण के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही सिटी स्कैन मशीन की सुविधा शुरू की जाएगी।
खनन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 10 मोबाइल मेडिकल वैन शुरू की जा रही हैं। इसके अलावा खदान प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लिए हेल्थ इंश्योरेंस योजना प्रारंभ करने की तैयारी भी चल रही है।
आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए 108 सेवा के अतिरिक्त 8 नई एम्बुलेंस की मांग शासन से की गई है।
पेयजल और ग्रामीण विकास पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने बताया कि जिले के 245 गांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए एतमानगर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। सरफेस वाटर सप्लाई को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
दिव्यांग बच्चों, किसानों और सड़क सुरक्षा पर भी फोकस
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में दिव्यांग बच्चों का सर्वे कर उन्हें चिन्हांकित किया जाएगा तथा जून माह में विशेष शिविर लगाकर कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे।
कृषि क्षेत्र में सुधार और सिंचित भूमि के विस्तार के लिए भी सर्वे कार्य कराया जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए हाईवे के ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जा रहे हैं तथा घुमावदार मार्गों सहित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कोरबा जिले के हर क्षेत्र में तेज गति से विकास कार्य दिखाई देंगे और प्रशासन जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.