राष्ट्रीय लोक अदालत में आयुर्वेद का स्पर्श : नाड़ी परीक्षण से मरीजों को मिला स्वास्थ्य परामर्श, डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने दी विशेष सेवाएं



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// बिलासपुर, 09 मई 2026। जिला न्यायालय परिसर बिलासपुर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर विशेष आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने आयुर्वेदिक चिकित्सा का लाभ उठाया। शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध ख्यातिलब्ध नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अपनी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करते हुए नाड़ी परीक्षण के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया और उन्हें रोगों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
शिविर के दौरान डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने उपस्थित लोगों को केवल रोगोपचार ही नहीं दिया, बल्कि उनकी शारीरिक प्रकृति के अनुसार उचित आहार-विहार, दिनचर्या एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद केवल रोगों का उपचार नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। नाड़ी परीक्षण के माध्यम से व्यक्ति की प्रकृति एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर उन्हें संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।

राष्ट्रीय लोक अदालत में लगाए गए इस विशेष आयुर्वेद चिकित्सा शिविर को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त कर आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति की सराहना की। शिविर में उपस्थित लोगों ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच आयुर्वेदिक परामर्श अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है।
इस अवसर पर नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के साथ अश्विनी बुनकर, अरुण मानिकपुरी एवं कुश गुप्ता ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी ने मिलकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने एवं आयुर्वेद के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
जिला न्यायालय परिसर में आयोजित इस शिविर ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देते हुए न्याय के साथ स्वास्थ्य सेवा का भी संदेश दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर उपस्थित नागरिकों एवं लाभार्थियों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


