May 9, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सोनार बांग्ला” की ओर बढ़ा पश्चिम बंगाल : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुवेंदु अधिकारी को दी ऐतिहासिक जीत और शपथ ग्रहण की बधाई

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोलकाता में शपथ ग्रहण समारोह बना राजनीतिक परिवर्तन का साक्षी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले — विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए दौर की शुरुआत
रायपुर/कोलकाता, 09 मई 2026।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य में सत्ता परिवर्तन के नए अध्याय की शुरुआत की। लंबे समय से बदलाव की प्रतीक्षा कर रही जनता के जनादेश ने आज एक नई राजनीतिक दिशा को आकार दिया और “सोनार बांग्ला” का संकल्प साकार होने की ओर बढ़ता दिखाई दिया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से कोलकाता पहुंचे और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर नवनियुक्त मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री अधिकारी सहित शपथ लेने वाले सभी मंत्रिपरिषद सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल, जनोन्मुखी और विकासपरक कार्यकाल की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने केवल सरकार परिवर्तन नहीं किया है, बल्कि विकास, पारदर्शिता, सुशासन और नई कार्यसंस्कृति के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जनसमर्थन राज्य में नई ऊर्जा, नई सोच और नई दिशा का प्रतीक है।

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा डबल इंजन सरकार की शक्ति से पश्चिम बंगाल आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से अधोसंरचना, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नई सरकार के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे, किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रभावी योजनाएं लागू होंगी तथा महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि माताओं-बहनों की सुरक्षा, युवाओं के सपनों को नई उड़ान और गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना नई सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि श्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल भय, अराजकता और तुष्टीकरण की राजनीति से बाहर निकलकर विकास, राष्ट्रवाद और जनकल्याण की नई राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल एक बार फिर अपनी सांस्कृतिक गरिमा, आर्थिक समृद्धि और सामाजिक सौहार्द के साथ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। पूरे कोलकाता में उत्साह और उत्सव का माहौल देखने को मिला तथा भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। समारोह को पश्चिम बंगाल की राजनीति में परिवर्तन और नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.