राष्ट्रीय लोक अदालत में लगेगा विशेष आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, निःशुल्क परामर्श व उपचार का मिलेगा लाभ



जिला न्यायालय परिसर बिलासपुर में 09 मई को अंचलवासियों की सेवा हेतु होगा आयोजन, सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सा उपलब्ध
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// बिलासपुर। जनसेवा और स्वास्थ्य कल्याण की भावना को समर्पित एक विशेष आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन दिनांक 09 मई 2026, शनिवार को जिला न्यायालय (District Court) परिसर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर किया जा रहा है। इस शिविर में प्रातः 10 बजे से मध्यान्ह 02 बजे तक अंचलवासियों को निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
शिविर का उद्देश्य समाज के उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जो विभिन्न शारीरिक एवं मानसिक व्याधियों से पीड़ित हैं तथा प्राकृतिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से उपचार प्राप्त करना चाहते हैं। शिविर में आयुर्वेद विशेषज्ञों द्वारा रोग परीक्षण, परामर्श, जीवनशैली सुधार संबंधी मार्गदर्शन तथा आवश्यक उपचार संबंधी जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर सेवा भावना को अभिव्यक्त करते हुए यह प्रेरणादायी श्लोक भी साझा किया गया—
“न त्वहं कामये राज्यं न स्वर्गं नापुनर्भवम्।
कामये दुःखतप्तानां प्राणिनामार्तिनाशनम् ॥”
अर्थात — हे प्रभु! मुझे राज्य, स्वर्ग अथवा मोक्ष की इच्छा नहीं है, मेरी केवल यही कामना है कि दुःख और रोगों से पीड़ित प्राणियों के कष्ट दूर हों तथा सभी स्वस्थ, सुखी और आनंदमय जीवन व्यतीत करें।
आयोजकों ने अंचलवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ लेने की अपील की है। यह शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवा का माध्यम बनेगा, बल्कि आयुर्वेद के प्रति जनजागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी प्रदान करेगा।


