भूख के खिलाफ मानवता की मिसाल: “रोटी बैंक सेवा” को मिली नई ऊर्जा, मिहिर कैवर्थ्य बने प्रभारी



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोरबा। समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसाइटी ने जरूरतमंदों की भूख मिटाने के अपने संकल्प को और मजबूत करते हुए “रोटी बैंक service” को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संस्था द्वारा सर्वसम्मति से समाजसेवी मिहिर कैवर्थ्य को “रोटी बैंक सेवा प्रभारी” नियुक्त किया गया है। इस निर्णय के बाद संस्था के कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसाइटी द्वारा 21 जून 2018 से “रोटी बैंक सेवा” लगातार संचालित की जा रही है। इस सेवा के माध्यम से प्रतिदिन दोपहर और रात्रि में शहर के विभिन्न घरों से रोटियां एवं भोजन सामग्री एकत्रित कर जरूरतमंद, असहाय और गरीब लोगों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाई जाती है। संस्था का उद्देश्य केवल भोजन देना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को आत्मसम्मान के साथ सहयोग प्रदान करना है।
संस्था द्वारा संचालित “अपना घर सेवा आश्रम” में भी नियमित रूप से भोजन सेवा जारी है, जहां बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों की देखभाल के साथ उन्हें भोजन उपलब्ध कराया जाता है। वर्षों से चल रही इस सेवा ने समाज में मानवता और सहयोग की एक नई मिसाल कायम की है।
नवनियुक्त प्रभारी मिहिर कैवर्थ्य ने कहा कि संस्था के इस मानवीय अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा तथा शहर के अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़कर कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए, इसके लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस पुनीत कार्य में सहयोग करने की अपील भी की।
संस्था ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों की अतिरिक्त रोटियां और भोजन जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए इस सेवा से जुड़ें। किसी भी जरूरतमंद तक भोजन पहुंचाने अथवा रोटी बैंक सेवा से जुड़ने के लिए संस्था ने हेल्पलाइन नंबर 8878447777 जारी किया है।
छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसाइटी का यह अभियान आज जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की किरण बन चुका है। सेवा, सहयोग और मानवता के इस मिशन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संस्था लगातार कार्य कर रही है और समाज के हर नागरिक से इस नेक पहल में सहभागी बनने का आह्वान कर रही है।


